कोरबा: उमंग दिव्यांग छात्रावास में बच्चों से धुलवाई स्कूटी, अधीक्षक को नोटिस जारी
कोरबा के डिंगापुर स्थित उमंग दिव्यांग विद्यालय सह छात्रावास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है, जिसमें दिव्यांग छात्र अधीक्षक की स्कूटी धोते नजर आ रहे हैं. समाज कल्याण विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधीक्षक मीना सोनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के डिंगापुर क्षेत्र में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित उमंग 50 सीटर दिव्यांग विद्यालय सह छात्रावास की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. संस्था के अधीक्षक मीना सोनी को नोटिस जारी कर विभाग ने इस पूरे प्रकरण पर स्पष्टीकरण मांगा है. दरअसल, इस शासकीय संस्था से जुड़े दो बेहद शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वहां रहकर पढ़ाई करने वाले दिव्यांग बच्चों को अधीक्षक की निजी स्कूटी धोते हुए देखा जा रहा है.
मामला तूल पकड़ने के बाद समाज कल्याण विभाग के अधिकारी हरीश सक्सेना ने इसे गंभीरता से लिया और अधीक्षिका मीना सोनी को कार्यालय तलब कर पूछताछ की. इस दौरान मीना सोनी ने अपनी सफाई में इसे एक कूट रचना करार दिया. उनका कहना है कि कुछ कर्मचारियों ने ही साजिश के तहत बच्चों से उनका दुपहिया वाहन धुलवाया और उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस का जवाब मिलने और जांच पूरी होने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे.
सोशल मीडिया पर सामने आए पहले वीडियो में एक दिव्यांग बच्चा अकेले स्कूटी धोता दिख रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने दो बच्चे वाहन की सफाई करते नजर आ रहे हैं. आरोप है कि बच्चों से लगभग रोजाना ही निजी वाहन की धुलाई और सफाई करवाई जाती है.
इस छात्रावास में करीब 50 दिव्यांग छात्र निवास और अध्ययन करते हैं, जो पूरी तरह से संस्था के भरोसे हैं. ऐसे में बच्चों के अधिकारों और उनकी गरिमा से जुड़े इस मामले ने विभाग की निगरानी व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है.