शुक्र, 27 नव. 2026

CGKhabar

दंतेवाड़ा: अधीक्षक ने एक दिन पहले फोन कर कहा- बेटे को ले जाओ, दूसरे दिन मिली मौत की खबर

दंतेवाड़ा के बालूद स्थित 'छू लो आसमान' छात्रावास के कमरा नंबर-01 में 12वीं के छात्र रोशन कोर्राम का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला. घटना से एक दिन पहले ही अधीक्षक प्रदीप गर्ग ने परिजनों को फोन कर छात्र को घर ले जाने के लिए कहा था.

C

CG Khabar

27 नव. 2026, 01:18 PM 3 मिनट में पढ़ें 53

बालूद के 'छू लो आसमान' छात्रावास में छात्र की मौत
बालूद के 'छू लो आसमान' छात्रावास में छात्र की मौत

दंतेवाड़ा । संवाददाता: बस्तर के दंतेवाड़ा के बालूद स्थित ‘छू लो आसमान’ छात्रावास में 12वीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से छात्रावास की व्यवस्था और प्रबंधन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. कुआकोंडा ब्लॉक के श्यामगिरी गांव निवासी हेमंत कोर्राम का पुत्र रोशन कोर्राम बालूद के इस छात्रावास में रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रहा था. उसका शव हॉस्टल के कमरा नंबर-01 में पंखे से फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसकी सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया. 

इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि मौत से ठीक एक दिन पहले हॉस्टल अधीक्षक प्रदीप गर्ग ने परिजनों को फोन कर रोशन को हॉस्टल से घर ले जाने के लिए कहा था, और इसके अगले ही दिन परिवार को उसकी मौत की खबर मिली.

छात्र की मौत के बाद परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतक के बड़े भाई सुरेंद्र और भाभी काजल का कहना है कि शव के पास मिली कॉपी के कुछ पन्ने फटे हुए थे, जिससे उन्हें आशंका है कि रोशन ने अपनी परेशानी और मौत की वजह को लेकर कुछ लिखा होगा. 

भाई ने दावा किया है कि कॉपी के एक पन्ने पर अधीक्षक प्रदीप गर्ग के संबंध में कुछ लिखा था, लेकिन वही महत्वपूर्ण पन्ना गायब है और उसे हटा दिया गया है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. 

परिजनों के अनुसार रोशन के साथ पहले भी मारपीट की गई थी और उसने घर आकर बताया था कि उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया था. सुरेंद्र का कहना है कि शारीरिक यातना से ज्यादा मानसिक प्रताड़ना तकलीफ देती है, और इतनी मारपीट के बावजूद रोशन अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहता था. भाई का आरोप है कि यदि प्रबंधन ने समय रहते उसकी परेशानी को गंभीरता से लिया होता तो शायद आज वह जीवित होता.

फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने बताया कि रोशन कोर्राम नाम के छात्र ने आत्महत्या की है और पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि यदि जांच में हॉस्टल प्रबंधन की ओर से कोई लापरवाही सामने आती है, तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी. 

अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि ऐसी क्या परिस्थिति बनी थी कि अधीक्षक को घटना से एक दिन पहले ही छात्र को घर ले जाने के लिए फोन करना पड़ा, कॉपी के फटे पन्नों में क्या लिखा था और मारपीट व मानसिक प्रताड़ना की पिछली शिकायतों पर क्या कदम उठाए गए थे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
मानक पटेल की कवर्धा में ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान मौत
छत्तीसगढ़

कवर्धा: ऑपरेटर ने गलत गांव की काटी बिजली, ट्रांसफार्मर सुधारने चढ़े लाइनमैन की करंट लगने से मौत

4 घंटे पहले

जम्मू में नशे की बड़ी खेप के साथ छत्तीसगढ़ के 6 तस्कर गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

जम्मू में नशे की बड़ी खेप के साथ छत्तीसगढ़ के 6 तस्कर गिरफ्तार

4 घंटे पहले

Chhattisgarh Anemia Report- बच्चों में देश में सर्वाधिक एनीमिया
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: 5 से 9 साल के बच्चों में देश में सबसे ज्यादा खून की कमी, ICMR-NIN सर्वे रिपोर्ट

4 घंटे पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़

महासमुंद: स्टील प्लांट में खौलती डस्ट गिरने से 5 श्रमिक झुलसे, एक की हालत बेहद नाजुक

4 घंटे पहले

प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (UCC) से जनजातीय संस्कृति प्रभावित नहीं होगी
छत्तीसगढ़

अनुसूचित जनजातियों को समान नागरिक संहिता के दायरे से बाहर रखा जाएगा: सीएम साय

4 घंटे पहले

Chhattisgarh High Court Verdict: Divorce Granted
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट: शादी के बाद किसी अन्य पुरुष से लगातार संपर्क और मिलना मानसिक क्रूरता, तलाक की मंजूरी

5 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP