फिर बिगड़े निशिकांत दुबे के बोल
नई दिल्ली | डेस्क: सुप्रीम कोर्ट पर आएं-बाएं बोलने वाले झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने अब पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी के ख़िलाफ़ बयान दिया है.
सवाई क़ुरैशी ने हाल ही में एक्स पर पोस्ट किया था कि वक़्फ़ क़ानून सरकार की एक खुली और दुर्भावनापूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य मुस्लिम समुदाय की ज़मीनों पर क़ब्ज़ा करना है. मुझे विश्वास है कि सुप्रीम कोर्ट इसे ज़रूर संज्ञान में लेगा.
इस टिप्पणी पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक्स पर लिखा, "आप चुनाव आयुक्त नहीं, मुस्लिम आयुक्त थे. झारखंड के संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठियों को वोटर सबसे ज़्यादा आपके कार्यकाल में ही बनाया गया."
"पैग़ंबर मुहम्मद साहब का इस्लाम भारत में 712 में आया. इसके पहले तो यह ज़मीन हिंदुओं की या उस आस्था से जुड़ी आदिवासी, जैन या बौद्ध धर्मावलंबी की थी. मेरे गांव विक्रमशिला को बख्तियार ख़िलजी ने 1189 में जलाया. विक्रमशिला विश्वविद्यालय ने दुनिया को पहला कुलपति दिया अतिश दीपांकर के तौर पर. इस देश को जोड़ो, इतिहास पढ़ो, तोड़ने से पाकिस्तान बना.अब बंटवारा नहीं होगा."
क्या बोला था दुबे ने
इससे पहले भी निशिकांत दुबे सुप्रीम कोर्ट के ख़िलाफ़ बोल चुके हैं.
निशिकांत दुबे ने कहा था, "देश में धार्मिक युद्ध भड़काने के लिए सुप्रीम कोर्ट ज़िम्मेदार है. सुप्रीम कोर्ट अपनी सीमा से बाहर जा रहा है. अगर हर बात के लिए सुप्रीम कोर्ट जाना है तो संसद और विधानसभा का कोई मतलब नहीं है, इसे बंद कर देना चाहिए."
उन्होंने कहा था, "इस देश में जितने गृह युद्ध हो रहे हैं, उसके ज़िम्मेदार केवल चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया संजीव खन्ना साहब हैं."
इधर तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने दुबे का नाम लिए बिना कहा-अच्छा है कि पूरा देश देख रहा है कि बीजेपी न्यायपालिका पर किस तरह से प्रॉक्सी हमले कर रही है. ये न्यायपालिका को डराने-धमकाने का शर्मनाक प्रयास है.
सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद में एक जनसभा में कहा कि बीजेपी अदालत को धमकी दे रही है.
उन्होंने कहा, "बीजेपी संविधान को लेकर फ़्रॉड कर रही है और डरा रही है, धार्मिक युद्ध की धमकी दे रही है, मिस्टर मोदी बताओ कि कौन कट्टर हो चुका है. सत्ता में आप हैं और आपके लोग कट्टर हो चुके हैं. इतना कट्टर हो चुके हैं कि कोर्ट को धमकी दे रहे हैं."
ओवैसी ने कहा-"मोदी जी अगर आप धमकी देने वालों को नहीं रोकेंगे तो देश कमज़ोर होगा और देश कभी भी माफ़ नहीं करेगा. आज सत्ता आपके पास है, लेकिन कल नहीं रहेगी."