छत्तीसगढ़ की जेलों में 285 कैदियों की मौत पर NHRC ने मांगी रिपोर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने छत्तीसगढ़ की विभिन्न जेलों में पिछले चार वर्षों के दौरान 285 कैदियों की मौत की खबरों पर स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इन मौतों का आंकड़ा चिंताजनक है, जिसमें अकेले वर्ष 2022 में 90 और जनवरी 2025 से जनवरी 2026 के बीच 66 कैदियों की जान गई है.
राज्य सरकार ने विधानसभा में इन मौतों का मुख्य कारण आत्महत्या और गंभीर बीमारियों को बताया है, लेकिन आयोग ने इसे मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला माना है.
23 मार्च 2026 को प्रकाशित रिपोर्टों में यह भी उजागर हुआ है कि छत्तीसगढ़ की जेलें अपनी क्षमता से अधिक भरी हुई हैं, जिससे कैदियों में संक्रमण और मानसिक तनाव तेजी से बढ़ रहा है.
इसके साथ ही, जेलों में डॉक्टरों और मनोचिकित्सकों के पद खाली होने से चिकित्सा व्यवस्था भी चरमरा गई है.
NHRC ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और जेल महानिदेशक को कड़ा निर्देश देते हुए दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है, जिसमें जेलों में भीड़भाड़ कम करने और डॉक्टरों के रिक्त पदों को भरने के लिए उठाए गए कदमों का ब्यौरा भी शामिल होना चाहिए. File Photo