अमेरीका-ईरान वार्ता की खबर से सोने-चांदी की चमक पड़ी फीकी
अमेरिका-ईरान वार्ता की खबर से सोने-चांदी की चमक पड़ी फीकी
नई दिल्ली । डेस्क: मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले दो दिनों से जारी बढ़त पर ब्रेक लग गया है. इस गिरावट का मुख्य कारण ओमान में शुक्रवार को होने वाली अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की खबर है, जिसने सुरक्षित निवेश के रूप में कीमती धातुओं की मांग को कम कर दिया है.
आज के सत्र में चांदी के मार्च वायदा में 10% की बड़ी गिरावट देखी गई और यह 25,844 रुपये टूटकर 2,43,006 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. वहीं, सोने का अप्रैल वायदा भी 4,591 रुपये (3%) गिरकर 1,48,455 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी चांदी 16.6% और सोना 3.5% तक लुढ़क गया.
बाजार में बढ़ती अस्थिरता को देखते हुए MCX ने सोने और चांदी पर अतिरिक्त मार्जिन भी लागू कर दिया है. चांदी पर कुल 7% और सोने पर 3% का अतिरिक्त मार्जिन चरणों में लागू किया जा रहा है, जिससे ट्रेडर्स के लिए पोजीशन होल्ड करना महंगा हो जाएगा और कीमतों पर दबाव बना रह सकता है.
पृथ्वी फिनमार्ट के विशेषज्ञ मनोज कुमार जैन के अनुसार, डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक तनाव के कारण इस सप्ताह बाजार में हलचल जारी रहेगी.
उन्होंने चांदी के लिए 2,61,100–2,55,000 रुपये और सोने के लिए 1,50,500–1,47,700 रुपये का सपोर्ट लेवल बताया है. वहीं दिल्ली के हाजिर बाजार में आज 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत 1,27,680 रुपये प्रति 8 ग्राम दर्ज की गई.