शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

नया प्रोटोकॉल: राष्ट्रीय गान से पहले गाया जाएगा राष्ट्रीय गीत, गृह मंत्रालय का निर्देश

C

CG Khabar

11 फ़र. 2026, 08:17 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

वंदे मातरम
वंदे मातरम

नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के सम्मान और उसके गायन को लेकर पहली बार औपचारिक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. नए प्रोटोकॉल के अनुसार, अब किसी भी आधिकारिक कार्यक्रम में जहाँ राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान 'जन गण मन' दोनों बजाए जाने हों, वहाँ बंकिम चंद्र चट्टोपध्याय द्वारा रचित राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' को पहले स्थान दिया जाएगा. 


मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय गीत के सभी छह छंदों का गायन किया जाएगा, जिसकी कुल अवधि लगभग 3 मिनट 10 सेकंड निर्धारित की गई है.


सरकार ने यह आदेश 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जारी किया है. 


नए नियमों के मुताबिक राष्ट्रपति के आगमन, तिरंगा फहराने और राज्यपालों के भाषण जैसे महत्वपूर्ण आधिकारिक अवसरों पर राष्ट्रीय गीत का गायन अनिवार्य होगा. 


गृह मंत्रालय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जब भी राष्ट्रीय गीत का आधिकारिक संस्करण बजाया या गाया जाए, तो पूरी सभा को सम्मान में 'सावधान' की मुद्रा में खड़ा होना होगा. हालांकि, फिल्मों, समाचारों या डॉक्यूमेंट्री के दौरान इसे बजाए जाने पर दर्शकों के खड़े होने की अनिवार्यता नहीं होगी, ताकि व्यवस्था बनी रहे.


शिक्षा संस्थानों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत स्कूलों में दिन के कार्य की शुरुआत राष्ट्रीय गीत के सामुदायिक गायन के साथ की जा सकती है. मंत्रालय ने स्कूलों को सलाह दी है कि वे छात्रों के बीच राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करें. 


इसके साथ ही, सार्वजनिक समारोहों में लोगों को एक साथ गाने में मदद करने के लिए पर्याप्त ऑडियो सिस्टम और गीत की छपी हुई प्रतियां उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP