नेतन्याहू ने मांगी माफ़ी, विरोधियों ने कहा: 'पहले दोष स्वीकारो'
नई दिल्ली । डेस्क: इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रिश्वत और धोखाधड़ी के आरोपों से जुड़े अपने पाँच साल पुराने भ्रष्टाचार मुकदमे को समाप्त करने के लिए राष्ट्रपति आइज़ैक हर्ज़ोग से माफी देने का अनुरोध किया है. नेतन्याहू 2019 में दायर तीन अलग-अलग मामलों केस 1000, केस 2000, और केस 4000 का सामना कर रहे हैं, जिनमें रिश्वतखोरी, धोखाधड़ी और विश्वास भंग के आरोप शामिल हैं.
111 पन्नों के अपने अनुरोध में, नेतन्याहू ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है, इसे राजनीतिक रूप से सुनियोजित "विच-हंट" और "डीप स्टेट" की साजिश करार दिया है. उन्होंने यह तर्क भी दिया है कि यदि उन्हें माफी मिल जाती है, तो वह मध्य पूर्व के अशांत समय में इज़राइल को मजबूत कर पाएंगे.
यह अनुरोध अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हर्ज़ोग से नेतन्याहू को माफ करने का आग्रह किए जाने के कुछ हफ्तों बाद आया है.
नेतन्याहू ने अपने माफी अनुरोध में दोष स्वीकार नहीं किया है. हालांकि, कानूनी तौर पर माफी के लिए दोष स्वीकार करना आवश्यक नहीं है, जैसा कि इज़राइल डेमोक्रेसी इंस्टीट्यूट की फेलो डाना ब्लैंडर ने बताया है.
विपक्षी नेता यायर लैपिड ने कहा है कि बिना "दोष स्वीकार, पश्चाताप की अभिव्यक्ति, और राजनीतिक जीवन से तत्काल सेवानिवृत्ति" के माफी नहीं दी जा सकती.
इस अनुरोध के खिलाफ रविवार रात तेल अवीव में हर्ज़ोग के घर के बाहर इज़राइली लोगों और विपक्षी नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. राष्ट्रपति हर्ज़ोग के कार्यालय ने कहा है कि वह सभी संबंधित विचारों को प्राप्त करने के बाद "जिम्मेदारी और ईमानदारी से अनुरोध पर विचार करेंगे."
नेतन्याहू पर मुख्य आरोप
केस 1000 ('गिफ्ट्स अफ़ेयर'): दो अमीर व्यापारियों (आर्नन मिल्चन और जेम्स पैकर) से बदले में राजनीतिक लाभ देने के लिए लगभग $200,000 मूल्य के महंगे उपहार (शैम्पेन, सिगार) स्वीकार करना.
केस 2000 ('नेतन्याहू-मोजेस अफ़ेयर'): एक प्रमुख दैनिक समाचार पत्र ('येदियोथ अहरोनोथ') के मालिक आरोन मोजेस के साथ कथित तौर पर एक समझौता करना. इसके तहत, प्रतिस्पर्धी अखबार ('इज़राइल हयोम') की वृद्धि को धीमा करने वाले कानून के बदले में अख़बार में सकारात्मक कवरेज प्राप्त करना.
केस 4000 ('बेज़ेक अफ़ेयर'): संचार मंत्री के रूप में, बेज़ेक नामक दूरसंचार कंपनी के मालिक (शाऊल एलोविच) को नियामक लाभ प्रदान करना. इसके बदले में, एलोविच द्वारा नियंत्रित समाचार वेबसाइट (' Walla') पर नेतन्याहू और उनकी पत्नी के लिए अनुकूल कवरेज प्राप्त करना. इस मामले में उन पर रिश्वतखोरी का भी आरोप है.