शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच नेपाल के गृह मंत्री सूदन गुरुंग का इस्तीफा

C

CG Khabar

22 अप्रै. 2026, 02:02 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

सूदन गुरुंग
सूदन गुरुंग

काठमांडू । डेस्क: नेपाल की राजनीति में उस वक्त बड़ा हलचल मच गया जब गृह मंत्री सूदन गुरुंग ने बुधवार को अपने पद से अचानक इस्तीफे की घोषणा कर दी. गुरुंग पिछले कुछ दिनों से व्यवसायी दीपक भट्ट के साथ अपने कथित व्यापारिक संबंधों को लेकर विवादों के घेरे में थे. बता दें कि दीपक भट्ट वर्तमान में मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोपों में जांच का सामना कर रहे हैं.


गुरुंग ने अपने इस्तीफे की घोषणा फेसबुक के माध्यम से की. उन्होंने लिखा, "मेरे खिलाफ उठ रहे सवालों के बीच एक निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और पद पर रहते हुए 'हितों के टकराव' की स्थिति से बचने के लिए, मैं आज से अपने पद से इस्तीफा देता हूँ." 


उन्होंने आगे कहा कि सार्वजनिक स्तर पर उनके शेयर निवेश और व्यावसायिक संबंधों को लेकर जो चिंताएं जताई गई हैं, उन्हें वे बेहद गंभीरता से लेते हैं.


अपने बयान में गुरुंग ने देश में चल रहे 'जेन-जी' (Gen Z) आंदोलन का भी जिक्र किया, जो सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहा है. 


उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "मेरे लिए पद से ऊपर नैतिकता है और सार्वजनिक विश्वास से बड़ी कोई ताकत नहीं है. यह सरकार मेरे 46 भाइयों और बहनों के बलिदान पर बनी है, और यदि इसकी शुचिता पर कोई सवाल उठाता है, तो मेरा जवाब केवल नैतिकता है."


गौरतलब है कि बालेंद्र शाह के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार के लिए यह एक बड़ा झटका है. एक महीने के भीतर यह दूसरा मौका है जब किसी मंत्री को पद छोड़ना पड़ा है. इससे पहले 9 अप्रैल को श्रम मंत्री दीपक कुमार साह को पद के दुरुपयोग के आरोप में बर्खास्त किया गया था. 


हालांकि गुरुंग ने पहले इन आरोपों को अफवाह और अटकलें बताया था, लेकिन अंततः उन्होंने जांच में सहयोग करने और पार्टी के निर्णय का पालन करने की बात कहते हुए पद त्याग दिया. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह इस्तीफा सरकार की छवि को सुधारने में मददगार साबित होगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP