नेपाल चुनाव: शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की भारी बढ़त
काठमांडू | डेस्क: नेपाल में जारी संसदीय चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) एक बड़ी शक्ति बनकर उभरती दिख रही है. अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, RSP देशभर की 110 निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए है, जिससे उसने अन्य स्थापित दलों पर मजबूत बढ़त हासिल कर ली है.
वहीं, नेपाली कांग्रेस ने अब तक एक सीट पर जीत दर्ज की है और वह 10 अन्य सीटों पर आगे चल रही है.
प्रमुख प्रतिद्वंद्वी दल नेकपा-एमाले (CPN-UML) फिलहाल 11 क्षेत्रों में आगे है, जबकि नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार 8 निर्वाचन क्षेत्रों में अपनी बढ़त बनाए हुए हैं.
अन्य दल 8 सीट पर आगे चल रही हैं. गौरतलब है कि इस बार 165 सीटों के लिए 'फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट' प्रणाली के तहत कुल 67 राजनीतिक दल चुनावी मैदान में हैं और मतगणना का कार्य अभी भी जारी है.
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP), जिसे नेपाली में 'राष्ट्रिय स्वतन्त्र पार्टी' (रास्वपा) कहा जाता है, नेपाल की एक प्रमुख और अपेक्षाकृत नई राजनीतिक पार्टी है. इसकी स्थापना पूर्व प्रसिद्ध टेलीविजन पत्रकार रवि लामिछाने ने 21 जून 2022 को की थी और 1 जुलाई 2022 को इसे आधिकारिक तौर पर नेपाल के चुनाव आयोग में पंजीकृत किया गया था.
रवि लामिछाने वर्तमान में इस पार्टी के सभापति (अध्यक्ष) हैं. यह पार्टी खुद को एक मध्यमार्गी (centrist) शक्ति के रूप में पेश करती है और इसका चुनाव चिह्न 'गोलाकार घेरे के भीतर घंटी' है.
पार्टी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े रुख, सुशासन और प्रशासनिक सुधारों के वादे के साथ बहुत कम समय में नेपाल की राजनीति में अपनी मजबूत जगह बनाई है. वर्तमान में काठमांडू के लोकप्रिय मेयर बालेन्द्र शाह (बालेन) भी इस पार्टी से जुड़कर इसके प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए हैं.