NEET-UG Counselling 2026: 4 अगस्त से काउंसलिंग, 8 सितंबर से नया सत्र
नई दिल्ली । डेस्क: मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने ऑल इंडिया कोटा (AIQ), डीम्ड और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में MBBS और अन्य स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए नीट-यूजी (NEET-UG 2026) काउंसलिंग का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है. पहले चरण की ऑल इंडिया काउंसलिंग 4 अगस्त से शुरू होकर 17 अगस्त तक चलेगी, जबकि इस सत्र की पढ़ाई 8 सितंबर से प्रारंभ हो जाएगी. प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और छात्रों के अनुकूल बनाने के लिए इस बार नियमों में कई बड़े और अहम बदलाव भी किए गए हैं.
जारी समय-सारिणी के अनुसार, ऑल इंडिया कोटा के पहले चरण की काउंसलिंग में शामिल छात्रों को 22 अगस्त तक आवंटित संस्थान में रिपोर्ट करना होगा. वहीं दूसरे चरण की प्रक्रिया 24 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित की जाएगी, जबकि तीसरा दौर 10 से 18 सितंबर के बीच संपन्न होगा.
अंत में बची हुई सीटों के लिए 'स्ट्रे वैकेंसी' राउंड 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके बाद अंतिम प्रवेश की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित की गई है.
दूसरी ओर, राज्य कोटा (State Quota) सीटों के लिए काउंसलिंग का पहला चरण 13 अगस्त से 22 अगस्त तक आयोजित होगा और छात्रों को 28 अगस्त तक रिपोर्टिंग करनी होगी. राज्य कोटा का दूसरा दौर 31 अगस्त से 8 सितंबर और तीसरा चरण 16 से 26 सितंबर तक चलेगा. इसके बाद राज्य कोटा की स्ट्रे वैकेंसी प्रक्रिया 3 से 5 अक्टूबर के बीच पूरी की जाएगी.
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने सभी मेडिकल संस्थानों और राज्य काउंसलिंग प्राधिकरणों को बिना किसी देरी के इस तय शेड्यूल का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है. समय पर दाखिला प्रक्रिया पूरी करने के लिए शनिवार, रविवार और अन्य सरकारी छुट्टियों के दिनों में भी कामकाज जारी रहेगा.
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने इस बार अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश प्रक्रिया में कई क्रांतिकारी सुधार किए हैं. नए नियमों के तहत अब उन छात्रों को आवंटित कॉलेज में शारीरिक रूप से उपस्थित (Physical Reporting) होने की बाध्यता खत्म कर दी गई है जो अगली काउंसलिंग में सीट अपग्रेडेशन (Seat Upgrade) का विकल्प चुनते हैं.
अपग्रेडेशन चुनने वाले छात्रों का दाखिला काउंसलिंग सिस्टम में स्वतः मान्य रहेगा.
इसके अलावा, छात्रों को अब कॉलेज छोड़ने के लिए भौतिक रूप से जाने की आवश्यकता नहीं होगी; वे एमसीसी पोर्टल के जरिए ही ऑनलाइन इस्तीफा (Online Resignation) दे सकेंगे. साथ ही, डीम्ड विश्वविद्यालयों में एनआरआई (NRI) आरक्षण का लाभ उठाने वाले उम्मीदवार भी अब अपने दस्तावेज सीधे पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे.