रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

नवजोत कौर सिद्धू कांग्रेस से निष्कासित

C

CG Khabar

06 फ़र. 2026, 01:41 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

नवजोत कौर सिद्धू
नवजोत कौर सिद्धू

चंडीगढ़ । डेस्क: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री तथा पंजाब के प्रभारी भूपेश बघेल ने स्पष्ट कर दिया है कि अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसी के आधार पर पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू को कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया है. पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने अमृतसर में पूर्व विधायक राजकुमार वेरका के आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए इस फैसले की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि पार्टी लाइन का सख्ती से पालन करना अनिवार्य है और जो इसका उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. 


भूपेश बघेल ने बताया कि कौर पहले से ही निलंबित चल रही थीं, लेकिन अब उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी से बाहर कर दिया गया है.

विज्ञापन


पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू को कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के चलते निष्कासित कर दिया है. यह कार्रवाई उनके उस विवादित बयान के महीनों बाद आई है जिसमें उन्होंने दावा किया था कि पंजाब का मुख्यमंत्री बनने के लिए '500 करोड़ रुपये के सूटकेस' की जरूरत होती है. 


इस टिप्पणी के बाद उन्हें पिछले साल 8 दिसंबर को निलंबित कर दिया गया था. हालांकि, निष्कासन की यह आधिकारिक घोषणा उनके इस्तीफे के महज पांच दिन बाद हुई है.


पार्टी से बाहर होने के बाद नवजोत कौर सिद्धू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. उन्होंने राहुल गांधी को "पप्पू" संबोधित करते हुए उन पर जमीनी हकीकत से कटे होने का आरोप लगाया. 


कौर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के इर्द-गिर्द रहने वाले लोग उन्हें गुमराह कर रहे हैं और पार्टी के नेता केवल अपनी जेबें भरने में लगे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि वे सत्ता में वापस नहीं आने वाले. 


उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए लिखा कि उन्हें अधिक परिपक्व, जागरूक और निष्पक्ष बनने की जरूरत है. कौर ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस नेता वर्तमान सरकार के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं रखते क्योंकि उन्हें अपनी फाइलों के खुलने का डर है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP