शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

केमिस्टों की देशव्यापी हड़ताल आज

C

CG Khabar

20 मई 2026, 07:36 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

STRIKE
STRIKE

मुंबई । डेस्क: अखिल भारतीय केमिस्ट और ड्रजिस्ट संगठन (AIOCD) ने दवा और खुदरा चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आज, 20 मई से 24 घंटे की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है. देश के लगभग 12.4 लाख केमिस्टों का प्रतिनिधित्व करने वाले इस संगठन का मुख्य विरोध ई-फार्मेसी यानी दवाओं की ऑनलाइन बिक्री के नियमों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों द्वारा दिए जा रहे भारी डिस्काउंट को लेकर है. 


केमिस्टों का कहना है कि सरकार ने ऑनलाइन फार्मेसी से जुड़े नियमों (GSR 220(E) और GSR 817E) को न तो पूरी तरह लागू किया है और न ही वापस लिया है, जिससे एक भ्रम की स्थिति बनी हुई है. 


इसके अलावा, कोरोना महामारी के दौरान शुरू की गई दवाओं की होम-डिलीवरी सेवा का ऑनलाइन कंपनियां गलत फायदा उठा रही हैं, जिससे बिना डॉक्टर के पर्चे के एंटीबायोटिक्स और नियंत्रित दवाओं की अवैध बिक्री और नकली नुस्खों का खतरा बढ़ गया है. 


केमिस्टों की मांग है कि या तो ऑनलाइन मिलने वाले डिस्काउंट को बंद किया जाए या फिर ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर (DPCO) में संशोधन कर ऑफलाइन केमिस्टों का प्रॉफिट मार्जिन बढ़ाया जाए ताकि वे भी बाजार में प्रतिस्पर्धा कर सकें. 


हालांकि, इस हड़ताल के बावजूद देश भर में मरीजों और आम जनता को दवाओं की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि अस्पतालों से जुड़े मेडिकल स्टोर, प्रमुख फार्मेसी चेन, जन औषधि केंद्र और अमृत (AMRIT) आउटलेट्स सामान्य रूप से खुले रहेंगे. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP