सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान आज से

C

CG Khabar

28 जून 2026, 12:47 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

Pulse Polio
Pulse Polio

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में रविवार से राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो रही है. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने इसके लिए अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस अभियान के तहत प्रदेश भर में शून्य से 5 वर्ष तक के 35,98,904 बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाई जाएगी.


राज्य के सभी 33 जिलों में अभियान के सफल संचालन के लिए टास्क फोर्स की बैठकें और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का काम पूरा किया जा चुका है. स्वास्थ्य कर्मियों और सुपरवाइजरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है. साथ ही, वैक्सीन के स्टॉक, कोल्ड चेन और अन्य आवश्यक लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली गई है.

विज्ञापन


बच्चों तक पहुंच आसान बनाने के लिए राज्य भर में 14,396 बूथ बनाए गए हैं, जहां 28,791 टीमों में 57,000 से अधिक टीकाकरण कर्मी तैनात रहेंगे. जो बच्चे आज किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर फॉलो-अप लेंगी और दवा पिलाएंगी. 


इस अभियान में विशेष रूप से दूरदराज के गांवों, वन क्षेत्रों, शहरी झुग्गी-झोपड़ियों, ईंट भट्ठों, निर्माण स्थलों और प्रवासी बस्तियों में रहने वाले बच्चों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा.


राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी. आर. भगत ने बताया कि अभियान की तैयारियां पूरी हैं. उन्होंने सभी माता-पिता से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलिया बूथ पर ले जाएं और घर आने वाली टीमों का सहयोग करें. उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए हर परिवार की भागीदारी बेहद जरूरी है. 


स्वास्थ्य विभाग ने भी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बच्चा इस जीवन रक्षक दवा से वंचित न रहे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP