'ऑपरेशन सिंदूर' भारत का 'न्यू नॉर्मल' है-मोदी
चंडीगढ़ | डेस्क: पाकिस्तान के साथ युद्ध विराम के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' भारत का 'न्यू नॉर्मल' है. वे पंजाब के आदमपुर एयर बेस में सैनिकों को संबोधित कर रहे थे.
नरेंद्र मोदी ने कहा, "आपके पराक्रम की वजह से आज ऑपरेशन सिंदूर की गूंज हर कोने में सुनाई दे रही है. इस ऑपरेशन के दौरान हर भारतीय आपके साथ खड़ा रहा. आज हर देशवासी अपने सैनिकों, उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञ है."
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में चरमपंथी हमले के बाद भारत ने 6-7 मई की दरमियानी रात को पाकिस्तान में चुनिंदा ठिकानों पर हमला किया था. भारतीय सेना ने इसे 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया था.
'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर पीएम मोदी ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर कोई सामान्य सैन्य अभियान नहीं है. ये भारत की नीति, नीयत और निर्णायक क्षमता की त्रिवेणी है."
उन्होंने कहा, "आतंक के ख़िलाफ़ भारत की लक्ष्मण रेखा अब एकदम स्पष्ट है. अब फिर कोई आतंकवादी हमला हुआ तो भारत जवाब देगा, पक्का जवाब देगा...अब ऑपरेशन सिंदूर भारत का न्यू नॉर्मल है."
नरेंद्र मोदी ने कहा, "भारत ने तीन सूत्र तय कर दिए हैं. पहला, भारत पर आतंकी हमला हुआ तो हम अपने तरीके से, अपनी शर्तों पर, अपने समय पर जवाब देंगे. दूसरा, कोई भी न्यूक्लियर ब्लैकमेल भारत नहीं सहेगा. तीसरा, हम आतंकी सरपरस्त सरकार और आतंक के आकाओं को अलग-अलग नहीं देखेंगे."