छत्तीसगढ़ की तकदीर भी बदल रही है, तस्वीर भी बदल रही है-मोदी
बिलासपुर | संवाददाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 33 हज़ार 700 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और शुरुआत किया. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ में किए गए हर वादे को पूरा कर रही है.
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को अलग राज्य इसलिए बनाना पड़ा था, क्योंकि यहां विकास का लाभ नहीं पहुंच पा रहा था. कांग्रेस के राज में यहां विकास का काम नहीं हो पाता था और जो काम होते भी थे, उसमें कांग्रेस वाले घोटाले कर देते थे. कांग्रेस को कभी आपकी चिंता नहीं रही. आपके जीवन की, आपकी सुविधाओं की, आपके बच्चों की चिंता हमने की है. हम विकास की योजनाओं को छत्तीसगढ़ के गांव-गांव तक ले जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि विकास के लिए बजट के साथ-साथ नेक-नीयत भी ज़रूरी है. अगर कांग्रेस की तरह मन और मस्तिष्क में बेईमानी भरी हो, तो बड़े से बड़े खज़ाने भी खाली हो जाते हैं. यही स्थिति हमने कांग्रेस के शासन के दौरान देखी है. इस कारण, आदिवासी अंचलों तक विकास नहीं पहुंच पाया. हमारे सामने कोयले का उदाहरण है. छत्तीसगढ़ में बहुत बड़ी मात्रा में कोयला है. लेकिन यहां आपको जरूरत भर की बिजली नहीं मिल पाती थी. कांग्रेस के समय में बिजली की हालत खस्ताहाल थी, यहां पर बिजली के कारखानों पर उतना काम ही नहीं किया गया. आज हमारी सरकार यहां नए बिजली कारखाने लगवा रही है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां दूर-सूदूर के आदिवासी क्षेत्रों में भी अच्छी सड़कें पहुंच रही हैं. कई इलाकों में पहली बार ट्रेन पहुंच रही है, अभी मैंने यहां एक ट्रेन को हरी झंडी दिखाई है. अब यहां कहीं पहली बार बिजली पहुंच रही है, कहीं पाइप से पानी पहली बार पहुंच रहा है, कहीं नया मोबाइल टावर पहली बार लग रहा है. नए स्कूल-कॉलेज-अस्पताल बन रहे हैं. यानि हमारे छत्तीसगढ़ की तस्वीर भी बदल रही है, तकदीर भी बदल रही है.
उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ़्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए हमारी सरकार हर घर में सोलर पैनल लगाने के लिए 70-80 हज़ार रुपये की मदद दे रही है.
पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ समंदर से दूर है. तो यहां तक गैस पहुंचाना इतना आसान नहीं है. पहले जो सरकार थी, उसने गैस पाइपलाइन पर भी जरूरी खर्च नहीं किया. हम इस चुनौती का भी समाधान कर रहे हैं. हमारी सरकार, यहां गैस पाइप लाइनें बिछा रही है. इससे पेट्रोलियम से जुड़े उत्पादों को ट्रकों से ट्रांसपोर्ट करने की मजबूरी कम होगी. ये चीज़ें कम कीमत में आप लोगों को मिलने लगेंगी. गैस पाइपलाइन आने से, यहां सीएनजी से गाड़ियां चल पाएंगी. इसका एक और फायदा होगा. घरों में खाना बनाने की गैस अब पाइप से भी आ पाएगी. जैसे पाइप से पानी आता है किचन में, वैसे ही अब गैस आएगा. हम अभी 2 लाख से ज्यादा घरों में सीधे पाइप से गैस पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं. गैस उपलब्ध होने से यहां छत्तीसगढ़ में नए उद्योग लगाना भी संभव हो पाएगा. यानि बड़ी संख्या में यहीं पर रोजगार बनेंगे.
नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों की वजह से छत्तीसगढ़ सहित देश के अनेक राज्यों में नक्सलवाद को बढ़ावा मिला. देश में जहां-जहां अभाव रहा, जो-जो क्षेत्र विकास से पीछे रहे, वहां-वहां नक्सलवाद फलता-फूलता रहा. लेकिन जिस दल ने 60 साल सरकार चलाई, उसने क्या किया? उसने ऐसे जिलों को पिछड़ा घोषित कर, अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया. हमारे नौजवानों की अनेक पीढ़ियां खप गईं. अनेक माताओं ने अपने लाडले खो दिए. अनेक बहनों ने अपना भाई खो दिया. उस समय की सरकारों की ये उदासीनता, ये आग में घी डालने जैसा था. आपने तो खुद सहा है, देखा है, छत्तीसगढ़ में कितने ही जिलों में सबसे पिछड़े आदिवासी परिवार रहते थे. उनकी कांग्रेस सरकार ने कभी सुध नहीं ली.
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने गरीब आदिवासियों के शौचालय की चिंता की, स्वच्छ भारत अभियान चलाया, हमने गरीब आदिवासियों के इलाज की चिंता की, 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज देने वाली आयुष्मान भारत योजना चलाई, हमने आपके लिए सस्ती दवा की चिंता की, 80% छूट देने वाले पीएम जन औषधि केंद्र खोले.
नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो लोग सामाजिक न्याय पर झूठ बोलते हैं, उन्हीं लोगों ने आदिवासी समाज को भुला रखा था. इसलिए तो मैं कहता हूं, जिसको किसी ने नहीं पूछा, उसको मोदी पूजता है. हम आदिवासी समाज के विकास के लिए भी विशेष अभियान चला रहे हैं. हमने आपके लिए धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान शुरू किया है. इसके तहत करीब 80 हज़ार करोड़ रुपए आदिवासी क्षेत्रों में खर्च किए जा रहे हैं. इससे छत्तीसगढ़ के करीब 7 हज़ार आदिवासी गांवों को फायदा हो रहा है. आप भी जानते हैं कि आदिवासियों में भी अति पिछड़ी आदिवासी जनजातियां होती हैं. पहली बार हमारी सरकार ने ऐसे अति पिछड़े आदिवासियों के लिए पीएम जनमन योजना बनाई है. इसके तहत, छत्तीसगढ़ के 18 जिलों में 2 हज़ार से अधिक बसाहटों में काम किए जा रहा हैं.
उन्होंने कहा कि देशभर में पिछड़ी जनजातियों की बस्तियों में करीब 5 हज़ार किलोमीटर की सड़कें स्वीकृत की गई हैं. इनमें से करीब आधी सड़कें, छत्तीसगढ़ में ही बनाई जानी हैं, यानि ढाई हजार किलोमीटर की सड़कें यहां पीएम जनमन योजना के तहत बनेंगी. आज इस योजना के तहत ही यहां अनेक साथियों को पक्के घर भी मिले हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं छत्तीसगढ़ के नौजवानों का एक शानदार भविष्य अपनी आंखों के सामने देख रहा हूं. छत्तीसगढ़ जिस प्रकार, नई शिक्षा नीति को लागू कर रहा है, वो बहुत ही शानदार काम हो रहा है. देशभर में 12 हज़ार से अधिक आधुनिक पीएम श्री स्कूल शुरु हो चुके हैं. इनमें से करीब साढ़े तीन सौ, छत्तीसगढ़ में हैं. ये पीएम श्री स्कूल, दूसरे स्कूलों के लिए आदर्श बनेंगे. इससे राज्य की पूरी शिक्षा व्यवस्था का स्तर ऊपर उठेगा. छत्तीसगढ़ में दर्जनों एकलव्य मॉडल स्कूल पहले से ही शानदार काम कर रहे हैं. नक्सल प्रभावित इलाकों में भी अनेक स्कूल फिर से शुरू किए गए हैं. आज छत्तीसगढ़ में विद्या समीक्षा केंद्र की भी शुरुआत हुई है. ये भी देश की शिक्षा व्यवस्था में एक बड़ा कदम है. इससे स्कूलों में शिक्षा का स्तर और अच्छा होगा, क्लास में शिक्षकों की, विद्यार्थियों की रियल टाइम में मदद भी हो पाएगी.
नरेंद्र मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्षों में मेरे मित्र रमन सिंह जी ने जो मजबूत नींव रखी थी, उसे वर्तमान सरकार और सशक्त कर रही है. आने वाले 25 वर्षों में हमें इस नींव पर विकास की एक भव्य इमारत बनानी है. छत्तीसगढ़ संसाधनों से भरपूर है, छत्तीसगढ़ सपनों से भरपूर है, छत्तीसगढ़ सामर्थ्य से भरपूर है. 25 साल बाद, जब हम छत्तीसगढ़ की स्थापना के 50 वर्ष मनाएं, तो छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में हो, इस लक्ष्य को हम पाकर के ही रहेंगे. मैं आपको फिर विश्वास दिलाऊंगा, यहां विकास का लाभ, छत्तीसगढ़ के हर परिवार तक पहुंचे, इसके लिए हम कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे.
प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सपनों से भरपूर है, छत्तीसगढ़ संसाधन से भरपूर है, छत्तीसगढ़ सामर्थ्य से भरपूर है. 25 साल बाद जब हम छत्तीसगढ़ के 50 साल पूरे होने का कार्यक्रम करें तो छत्तीसगढ़ देश में एक विकसित राज्य के रुप में अपनी पहचान बनाएगा.