शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रिश्वत लेते नायब तहसीलदार गिरफ्तार

H

Hupendra Sharma

06 जून 2025, 11:47 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

नायब तहसीलदार गिरफ्तार
नायब तहसीलदार गिरफ्तार

कोण्डागांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में एसीबी की टीम ने नायब तहसीलदार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. उसने जमीन से कब्जा मुक्त कराने के लिए रिश्वत की मांग की थी.


मिली जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता राधाकृष्ण देवांगन की पट्टे की जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया था.


उसी भूमि से कब्जा हटाने के लिए राधाकृष्ण देवांगन ने तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था.


इस काम के लिए नायब तहसीलदार दिनेश कुमार ठाकुर ने 15 हजार रुपए की मांग की थी.


शिकायतकर्ता ने नायब तहसीलदार को पहली किस्त के रूप में 10 हजार दिया था. बाकी राशि काम होने के बाद देना तय हुआ था.


इसके बाद भी नायब तहसीलदार काम नहीं कर रहा था और प्रार्थी को बार-बार घुमा रहा था. इससे परेशान होकर उसने इसकी शिकायत एसीबी से की.


एसीबी की टीम ने मामले की जांच कराई तो मामला सही निकला. उसके बाद नायब तहसीलदार को पकड़ने की योजना तैयार की गई. 


योजना मुताबिक शुक्रवार को दूसरी किस्त की राशि देने के दौरान एसीबी की टीम ने रंगे हाथों नायब तहसीलदार को पकड़ लिया.


फिलहाल रिश्वतखोर अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP