शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

उपराष्ट्रपति चुनाव: विपक्ष को 15 कम, NDA को 15 ज्यादा, 15 अमान्य !

C

CG Khabar

10 सित. 2025, 12:33 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

चुनाव आयोग
चुनाव आयोग

नई दिल्ली । डेस्क: उपराष्ट्रपति चुनाव के नतीजे घोषित होने के साथ ही '15' की संख्या को लेकर रहस्य गहरा गया है. विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के उम्मीदवार बी. सुंदरशन रेड्डी को 300 वोट मिले, जबकि कांग्रेस ने दावा किया था कि उनके 315 सांसदों ने वोट डाला था. यानी अपेक्षा से ठीक 15 वोट कम. वहीं, NDA के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जो उनकी अपेक्षा (437) से ठीक 15 ज्यादा हैं. और दिलचस्प बात यह कि अमान्य वोटों की संख्या भी ठीक 15 रही.


कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर लिखा, "विपक्षी खेमा पूरी तरह एकजुट था. विपक्षी दलों के 315 सांसदों ने वोट डाला." कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी यही संख्या बताई गई. लेकिन नतीजे आने पर 'इंडिया' उम्मीदवार को केवल 300 वोट मिले.

विज्ञापन


NDA की ओर से अपेक्षा थी कि राधाकृष्णन कम से कम 437 वोट पाएंगे. लोकसभा में NDA के 293 सांसद, राज्यसभा में 132, कुल 425. इसके अलावा YSRCP के 11 सांसदों और AAP की सांसद स्वाति मालिवाल का समर्थन मिलने से यह संख्या 437 पहुंचती थी. लेकिन नतीजे में 452 वोट मिले, यानी 15 ज्यादा.


क्या विपक्ष के 15 वोट NDA की ओर चले गए? क्या क्रॉस वोटिंग हुई? इस सवाल का स्पष्ट जवाब किसी के पास नहीं है. क्योंकि अमान्य वोट भी 15 हैं. अगर ये सभी अमान्य वोट विपक्ष के थे, तो क्रॉस वोटिंग का सिद्धांत टिक नहीं पाता. कांग्रेस का एक धड़ा दावा कर रहा है कि NDA ने अतिरिक्त 15 वोट गठबंधनों के बाहर से जुटाए.

नतीजे आने के बाद BJP ने जयराम रमेश को निशाना बनाया. BJP आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, "315 ने वोट डाला, लेकिन सवाल है किसे डाला! इंडी गठबंधन के उम्मीदवार को केवल 300 वोट मिले, जो उनके दावे से 15 कम हैं."


जयराम ने जवाब में प्रतिशत का हिसाब पेश किया. 2022 में विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को 26% वोट मिले थे, जबकि इस बार सुंदरशन को 40%. उन्होंने लिखा, "गणित में BJP की जीत उनकी नैतिक और राजनीतिक हार है."


तृणमूल कांग्रेस सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा, "हमारे सभी वोट सुंदरशन रेड्डी को मिले. बाकी इंडिया गठबंधन के नेता विश्लेषण करें. तृणमूल का एक भी वोट बेकार नहीं गया."


पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने कहा, "विपक्ष की अनेकता फिर उजागर हुई. वे 315 का दावा कर रहे थे, मिले 300. हमने 15 अतिरिक्त पाए. अमान्य वोटों में अगर एक भी हमारा है, तो क्रॉस वोटिंग साफ है."


हालांकि, अमान्य वोटों का बंटवारा स्पष्ट नहीं है. कोई दल इस पर रात तक जानकारी नहीं दे पाया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP