नपाअध्यक्ष और सीएमओ सूरत में सीखेंगे साफ सफाई
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सभी 55 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल सूरत के अध्ययन भ्रमण पर जाएंगे. तीन दिवसीय प्रवास में सूरत नगर निगम की सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और अपशिष्ट प्रबंधन के बारे में जानकारी लेंगे.
साथ ही शहरों को साफ-सुथरा रखने के लिए अपनाए गए नवाचारों का भी अध्ययन करेंगे.
बताया गया कि पहले बैच में 28 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी 28 अगस्त से 30 अगस्त तक सूरत में साफ-सफाई की व्यवस्था का अध्ययन करेंगे.
इसके बाद दूसरे बैच में 27 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी 1 सितंबर से 3 सितम्बर तक सूरत के दौरे पर रहेंगे.
ज्ञात हो कि जून माह में राज्य के सभी 14 नगर निगमों के महापौर, आयुक्त और वरिष्ठ अभियंता इंदौर के अध्ययन भ्रमण पर गए थे.
छत्तीसगढ़ के नगर निगमों में स्थानीय जरूरतों और परिस्थितियों के अनुसार इंदौर की तकनीकों को लागू करने यहां के नगर निगमों ने अमल भी शुरू कर दिया है.
सूरत नगर निगम स्वच्छता, तकनीकी दक्षता एवं शहरी नवाचारों में देश के सर्वश्रेष्ठ शहरों में से एक है.
वहां की श्रेष्ठ प्रथाओं और नवाचारों को देख-समझकर लौटने के बाद उन्हें राज्य की नगर पालिकाओं में स्थानीय परिप्रेक्ष्य में लागू करने की रणनीति तैयार की जाएगी.