रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

मुंबई: विधान भवन समेत 4 ठिकानों को बम और मिसाइल से उड़ाने की धमकी

C

CG Khabar

12 मार्च 2026, 07:24 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

Bomb Threat
Bomb Threat

मुंबई । डेस्क: महाराष्ट्र विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विधान भवन सहित मुंबई के चार महत्वपूर्ण ठिकानों को बम और मिसाइल से उड़ाने की ईमेल धमकी मिली. महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति राम शिंदे ने सदन को सूचित किया कि यह धमकी भरा ईमेल सुबह 6:57 बजे राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (CPA) को भेजा गया था. 


इस ईमेल में विधान भवन के साथ-साथ बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), बॉम्बे हाई कोर्ट और मुंबई मेट्रो को निशाना बनाने की बात कही गई है.

विज्ञापन


धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं. 


विधान भवन परिसर में बम शोधक एवं निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वायड को तैनात कर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई. 


सुरक्षा कारणों से शुरुआत में कर्मचारियों और अधिकारियों को परिसर से बाहर निकालकर प्रवेश रोक दिया गया था, हालांकि गहन जांच और पहचान पत्र सत्यापन के बाद उन्हें सुरक्षित रूप से अंदर जाने की अनुमति दी गई.


पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में इस धमकी के पीछे खालिस्तानी प्रदर्शनकारियों का हाथ होने का संदेह जताया जा रहा है, क्योंकि ईमेल में हमले के लिए विशिष्ट रूप से मिसाइलों और बमों के इस्तेमाल का जिक्र किया गया है. 


वर्तमान में साइबर पुलिस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है. सभापति राम शिंदे ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह विभाग को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी. मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी की मौजूदगी के कारण पूरे दक्षिण मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP