MPSC पेपर लीक: अभ्यर्थियों के प्रदर्शन में शामिल होगी CJP
मुंबई । डेस्क: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की विभिन्न ऑनलाइन परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों को लेकर परीक्षार्थियों का विरोध प्रदर्शन तेज होता जा रहा है. इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने MPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन का समर्थन करने का फैसला किया है.
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और इसके सदस्य जल्द ही छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे.
यह घोषणा छत्रपति संभाजीनगर के वालज क्षेत्र में अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा अभिजीत दीपके से मुलाकात के बाद की गई.
CJP ने स्पष्ट किया है कि आयोग के अध्यक्ष और सचिव के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा.
यदि 24 सितंबर तक यह मांग पूरी नहीं होती है, तो अभ्यर्थियों से संवाद स्थापित करने और आंदोलन को धार देने के लिए राज्यभर में दौरा किया जाएगा.
मुलाकात के बाद जारी वीडियो संदेश में अभिजीत दीपके ने कहा कि CJP और वह खुद इस लड़ाई में अभ्यर्थियों के साथ मजबूती से खड़े हैं और जब तक शीर्ष अधिकारियों का इस्तीफा नहीं हो जाता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा. उल्लेखनीय है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में छात्र भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और धांधली के खिलाफ लगातार सडकों पर उतरकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं.