मध्यप्रदेश में BJP नेता की कार ने बुजुर्ग व बच्चे को रौंदा
मुरैना । डेस्क: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहाँ भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के एक नेता की तेज रफ्तार कार ने अलाव ताप रहे लोगों को कुचल दिया.
शुक्रवार रात पोरसा इलाके में हुई इस दर्दनाक दुर्घटना में 11 साल के एक मासूम बच्चे और 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पोरसा नगर मंडल अध्यक्ष दीपेंद्र भदौरिया नशे की हालत में तेज गति से कार चला रहा था. पोरसा से जोतई की ओर जाते समय उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे आग जलाकर ठंड से बच रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. मृतकों की पहचान रामदत्त राठौर (65) और अर्नव उर्फ अन्नू लश्कर (11) के रूप में हुई है, जिन्होंने ग्वालियर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी नेता को पकड़कर उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया.
हालांकि, पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने की खबर मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने राजमार्ग जाम कर दिया.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दीपेंद्र भदौरिया को शनिवार तड़के दोबारा गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.