शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग के बीच मानसून सत्र की घोषणा

विपक्ष की संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग, सरकार द्वारा मानसून सत्र का ऐलान

C

CG Khabar

04 जून 2025, 12:17 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

संसद का मानसून सत्र
संसद का मानसून सत्र

दिल्ली | डेस्कः केन्द्र सरकार ने संसद के मानसून सत्र की तारीखों का ऐलान किया है. संसद के मानसून सत्र की शुरुआत 21 जुलाई को होगी. यह सत्र 12 अगस्त तक चलेगा.


मानसून सत्र की जानकारी देते हुए बुधवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि हमने संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई को बुलाने का फैसला किया है और यह 12 अगस्त तक चलेगा. संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति ने तारीख तय कर ली है और हम दोनों सदनों को बुलाने के लिए राष्ट्रपति को प्रस्ताव भेजेंगे.


23 दिनों तक चलने वाले संसद के मानसून सत्र में इस बार कई अहम बिलों और मुद्दों पर चर्चा होगी. संसद के इस मानसून सत्र पर हंगामा होना तय है.


विपक्ष विदेश नीति से लेकर पहलगाम हमले व सीजफायर जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा.


केंद्र सरकार ने संसद के मानसून सत्र की तारीख का ऐलान ऐसे वक्त में किया है, जब विपक्ष की ओर से लगातार पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की जा रही है.


इससे पहले संसद का बजट सत्र दो हिस्सों में आयोजित किया गया था. पहला सत्र 31 जनवरी को शुरू हुआ था और 13 फरवरी तक चला.


वहीं संसद के बजट सत्र का दूसरा भाग 10 मार्च को शुरू हुआ था और चार अप्रैल को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP