पेड़ से हो रही थीं नोटों की बारिश! 500 रुपये के नोट देख शुरू हुई लूट
पेड़ से झर रही थीं नोटों की बारिश! 500 रुपये के नोट देख शुरू हुई लूट
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक अजीबोगरीब घटना ने सबको हैरान कर दिया. एक स्कूल शिक्षक के साथ ऐसा वाकया हुआ, जिसे सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे. दरअसल, एक बंदर ने शिक्षक की बाइक से 80 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया और पेड़ पर चढ़ गया.
इसके बाद पेड़ से 500 रुपये के नोटों की बारिश होने लगी, जिसे देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया.
यह घटना औरैया के दोदापुर गांव की है. स्थानीय पुलिस के अनुसार, एक निजी स्कूल के शिक्षक रोहितास चंद्र एक जमीन खरीदने के लिए 80 हजार रुपये लेकर आए थे. यह राशि उन्होंने एक बैग में रखकर अपनी मोटरबाइक के पीछे टांग दी थी.
बैग में नकदी के साथ-साथ कुछ जरूरी दस्तावेज भी थे. अचानक एक बंदर ने बैग पर झपट्टा मारा और उसे लेकर पेड़ पर चढ़ गया.
बंदर को शायद लगा कि बैग में खाने का सामान है. उसने पेड़ पर बैठकर बैग खोला, लेकिन जब उसे खाना नहीं मिला, तो उसने निराश होकर बैग नीचे फेंक दिया.
बैग से 500 रुपये के नोट हवा में उड़ते हुए नीचे गिरने लगे. यह देखकर आसपास के लोग नोट लूटने के लिए दौड़ पड़े. इस दौरान वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में दिख रहा है कि सभी नोट 500 रुपये के थे. कुछ लोगों ने कई नोट इकट्ठा किए, तो कुछ ने हजारों रुपये के नोट जमा कर लिए.
शोरगुल सुनकर शिक्षक मौके पर पहुंचे और उन्होंने 52 हजार रुपये वापस इकट्ठा कर लिए. हालांकि, बाकी 28 हजार रुपये स्थानीय लोगों ने चुरा लिए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि उनका जीना मुहाल हो गया है. कई लोगों ने इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज की है.
सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
कुछ नेटिजन्स इसे मजेदार बता रहे हैं, तो कुछ शिक्षक के नुकसान पर दुख जता रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "यह मजेदार नहीं है. मेहनत की कमाई इस तरह बर्बाद हो जाए, तो रोना आता है."
वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाक में लिखा, "क्या बंदर को चोरी के इल्जाम में गिरफ्तार किया जाएगा?"
(फोटो-प्रतीकात्मक)