WhatsApp पर शादी का कार्ड भेजकर मोबाइल किया हैक, केरल से दबोचा गया शातिर ठग
शादी के डिजिटल निमंत्रण के झांसे में आकर APK फाइल डाउनलोड करना नैला स्टेशन रोड निवासी एक व्यक्ति को भारी पड़ गया. मोबाइल हैक कर खाते से 98 हजार रुपए पार करने वाले आरोपी को जांजगीर पुलिस ने केरल से धर दबोचा है.
जांजगीर । संवाददाता: जांजगीर साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए केरल के मल्लपुरम जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. कोण्डोट्टी निवासी 29 वर्षीय अब्दुल अजीज पर WhatsApp के जरिए शादी का निमंत्रण कार्ड भेजने का झांसा देकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 98 हजार रुपए उड़ाने का आरोप है.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त करने के साथ ही उसके बैंक खाते को भी सीज करा दिया है. ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
मामले की जांच के दौरान पुलिस को NCRP पोर्टल के माध्यम से उस बैंक खाते का सुराग मिला, जिसमें ठगी की यह राशि ट्रांसफर की गई थी. इसी तकनीकी आधार पर पुलिस की टीम केरल पहुंची और आरोपी अब्दुल अजीज को हिरासत में लिया.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके बैंक खाते में 98 हजार रुपए आए थे, जिसे निकालकर उसने अपने घरेलू खर्चों में इस्तेमाल कर लिया. इसके अतिरिक्त, जांच में आरोपी के खाते में 21 हजार रुपए की एक और संदिग्ध राशि जमा होने का पता चला है, जिसके संबंध में NCRP पोर्टल पर गुजरात से शिकायत दर्ज मिली है.
यह पूरी घटना 6 जून 2026 को नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत के साथ घटित हुई थी. उन्हें WhatsApp पर शादी के कार्ड के नाम से एक APK फाइल प्राप्त हुई थी. जैसे ही उन्होंने उस फाइल को अपने फोन में डाउनलोड किया, उनका मोबाइल हैक हो गया और कुछ ही देर में उनके SBI खाते से 98 हजार रुपए पार कर दिए गए.
इस घटना के मद्देनजर जांजगीर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे WhatsApp पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें. साथ ही, किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने और साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है.