खरसिया: पिकनिक मनाने गई युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, दो युवक हिरासत में
रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र स्थित बोतल्दा अटल रॉक गार्डन में शनिवार को एक 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट की वारदात सामने आई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन में घूमने गई एक 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
खरसिया एसडीओपी सतीश भार्गव के अनुसार, घटना की शिकायत मिलते ही संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है.
पुलिस की घेराबंदी के बाद पकड़े गए आरोपियों की पहचान बोतल्दा निवासी 22 वर्षीय राहुल पटेल और 20 वर्षीय थनेश्वर पटेल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि ये दोनों युवक पहले भी इस क्षेत्र में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, लेकिन पूर्व में पीड़ितों द्वारा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी.
इस बार पीड़िता द्वारा सीधे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और दोनों को पकड़कर थाने ले आई.
पूरी घटना शनिवार की है, जब सक्ती थाना क्षेत्र की निवासी यह युवती अपने बॉयफ्रेंड के साथ बोतल्दा के अटल रॉक गार्डन में घूमने आई थी. दोनों पिकनिक स्पॉट से आगे बढ़ते हुए पहाड़ के ऊपरी हिस्से में पहुंचे थे, तभी वहां दोनों आरोपी आ धमके.
आरोप है कि युवकों ने पहले युवक और युवती को डराया-धमकाया, फिर उनके साथ मारपीट करते हुए पास रखे पैसे छीन लिए और इसके बाद दोनों ने बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया.