सोम, 16 नव. 2026

CGKhabar

दंतेवाड़ा: NMDC अधिकारियों के क्रिकेट मैच के बीच पिच पर बैठे बेरोजगार युवा, भर्ती परीक्षा की मांग

दंतेवाड़ा के बचेली स्थित हॉकी ग्राउंड में चल रहे NMDC अधिकारियों के सद्भावना क्रिकेट मैच के दौरान स्थानीय बेरोजगार युवाओं ने पिच पर बैठकर जमकर नारेबाजी की. L1 और L2 भर्ती परीक्षा की मांग कर रहे युवाओं ने आरोप लगाया कि उनकी पूर्व निर्धारित बैठक को रोकने के लिए मंच की टाइल्स तक उखड़वा दी गई थीं.

C

CG Khabar

16 नव. 2026, 12:08 PM 3 मिनट में पढ़ें 14

बचेली में बेरोजगार युवाओं की क्रिकेट पिच पर मीटिंग
बचेली में बेरोजगार युवाओं की क्रिकेट पिच पर मीटिंग

दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले अंतर्गत बचेली में उस समय अफरा-तफरी और गहमागहमी का माहौल बन गया, जब NMDC के अधिकारियों के बीच चल रहे एक सद्भावना क्रिकेट मैच के दौरान स्थानीय बेरोजगार युवा सीधे पिच पर आकर बैठ गए. मैदान में चौके-छक्कों की गूंज, कमेंट्री और तेज आवाज में बज रहे गानों के बीच अचानक युवाओं के इस कदम से खेल तुरंत रुक गया और चारों तरफ भर्ती परीक्षा की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू हो गई. 

सूचना मिलने पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और काफी देर तक चले विवाद व समझाइश के बाद स्थिति को शांत कराया जा सका.

दरअसल, यह पूरा विवाद 15 नवंबर को बचेली के हॉकी ग्राउंड में आयोजित होने वाली एक बैठक से जुड़ा है. स्थानीय बेरोजगार युवा संघ के सदस्यों के अनुसार, वे पिछले कई दिनों से NMDC में L1 और L2 भर्ती परीक्षा आयोजित कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. इसी आंदोलन को आगे बढ़ाने और आगामी रणनीति तय करने के लिए हॉकी ग्राउंड में पहले से बैठक निर्धारित थी. 

हालांकि, जब युवा वहां जुटे तो उन्हें मैदान में अधिकारियों का क्रिकेट मैच चलता मिला. युवाओं का यह भी आरोप है कि जिस मंच पर उनकी बैठक होनी थी, वहां एक दिन पहले तक टाइल्स लगी हुई थीं, लेकिन निर्माण कार्य के बहाने रातों-रात मंच से पूरी टाइल्स उखड़वा दी गईं ताकि वे वहां बैठकर बैठक न कर सकें.

मंच और मैदान न मिलने के कारण बेरोजगार युवा मैदान के पास ही बैठकर अपनी चर्चा करने लगे. युवाओं ने बताया कि बैठक के दौरान मैच की कमेंट्री, शोरगुल और तेज आवाज में बजते गानों से उन्हें काफी परेशानी हो रही थी. उन्हें महसूस हुआ कि उनकी जायज मांगों और आंदोलन को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके बाद सभी युवा उठे और सीधे क्रिकेट पिच पर जाकर धरने की मुद्रा में बैठ गए. 

मैच रुकने और नारेबाजी के बाद पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत हुआ, लेकिन युवाओं ने अपनी बैठक और आगे की रणनीति पर चर्चा जारी रखी.

आंदोलन की आगामी रूपरेखा की जानकारी देते हुए स्थानीय बेरोजगार युवा संघ के सदस्य रवि नाग ने बताया कि अब इस मुहिम को तीन जिलों तक विस्तार देने की तैयारी कर ली गई है. इसके तहत आगामी 17 नवंबर को भांसी में एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें दंतेवाड़ा के साथ-साथ बीजापुर और सुकमा जिले के सैकड़ों स्थानीय बेरोजगार युवाओं के शामिल होने की संभावना है. 

इस बैठक में आंदोलन की अगली रणनीति तय करने के साथ ही एक डेलिगेटेड टीम का गठन किया जाएगा, जो तीनों जिलों में जाकर युवाओं को इस अभियान से जोड़ेगी और L1-L2 भर्ती परीक्षा की मांग को लेकर प्रचार-प्रसार करेगी. युवाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक भर्ती परीक्षा आयोजित कराने की उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
राायगढञ के खरसिया में गैंगरेप
छत्तीसगढ़

खरसिया: पिकनिक मनाने गई युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, दो युवक हिरासत में

26 मिनट पहले

गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

बालोद: ट्रामाडोल युक्त 464 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट में कार्रवाई

17 घंटे पहले

रायपुर राजेन्द्रनगर चौपाटी में आग
छत्तीसगढ़

रायपुर: राजेंद्र नगर चौपाटी में आग और सिलिंडर धमाका, लाखों का माल जलकर राख

17 घंटे पहले

सड़क दुर्घटना- कोरबा
छत्तीसगढ़

कोरबा: खड़े ट्रेलर में जा घुसी रायपुर से अंबिकापुर जा रही यात्री बस, 2 की मौत, 6 घायल

21 घंटे पहले

बाघ- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़

महाराष्ट्र से चलकर छत्तीसगढ़ के रास्ते ओडिशा पहुंचा बाघ, कैमरा ट्रैप से खुला राज

22 घंटे पहले

नितिन नबीन- भाजपा अध्यक्ष
छत्तीसगढ़

नितिन नबीन का छत्तीसगढ़ दौरा रद्द, पटना से जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को किया संबोधित

22 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP