सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

7 साल से लापता पति इंस्टाग्राम रील में मिला

C

CG Khabar

01 सित. 2025, 12:20 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

इंस्टाग्राम
इंस्टाग्राम

लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. 2018 में अचानक घर से लापता हो गए एक युवक का सुराग सात साल बाद उसकी पत्नी को सोशल मीडिया पर मिला. युवक का नाम जितेंद्र कुमार है, जो हरदोई के आतामऊ गांव का रहने वाला है.


जानकारी के अनुसार, जितेंद्र ने 2017 में मुरारनगर की शीलु से शादी की थी. शादी के कुछ समय बाद ही उनके एक बेटे का जन्म हुआ. लेकिन 2018 में जितेंद्र अचानक गायब हो गया. परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और पुलिस ने तलाशी भी की, मगर उसका कोई पता नहीं चला. 

विज्ञापन


उस समय जितेंद्र के परिवार ने शीलु के रिश्तेदारों पर आरोप लगाए थे कि वे उसके गायब होने के पीछे जिम्मेदार हैं. हालांकि शीलु ने इन आरोपों को सिरे से नकार दिया था और मायके लौट आई थी.


सालों की तलाश और इंतजार के बाद हाल ही में शीलु ने इंस्टाग्राम पर कुछ रील देखीं, जिनमें एक युवक उसे अपने पति जितेंद्र जैसा दिखा. ये वीडियो पंजाब के लुधियाना में शूट किए गए थे, जिनमें जितेंद्र एक अन्य महिला के साथ नज़र आ रहा था और उसके साथ सक्रिय रूप से सोशल मीडिया कंटेंट बना रहा था. 


इन रील्स के वायरल होने के बाद शीलु ने स्पष्ट कहा कि यह उसका पति ही है, जो जिंदा है और लुधियाना में रह रहा है.


शीलु ने आरोप लगाया कि जितेंद्र की असलियत उसके परिवार ने उससे छुपाई और झूठा आरोप उस पर और उसके रिश्तेदारों पर लगाया गया. 


उन्होंने कहा, “अब मुझे रील से पता चला कि वह लुधियाना में रहता है, दूसरी महिला के साथ वीडियो बनाता है और उससे शादी भी कर ली है.”


मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक नृपेंद्र कुमार ने बताया कि “जितेंद्र और शीलु की शादी हुई थी. एक साल बाद जितेंद्र बिना बताए घर से चला गया. उसके बाद गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज हुई थी.”


इंस्टाग्राम वीडियो सामने आने के बाद शीलु ने सान्डिला थाने में एक नया आवेदन दिया है. पुलिस ने पुष्टि की है कि जांच जारी है और उपलब्ध जानकारी के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP