मिर्जापुर सड़क हादसा: बच्चों समेत 11 लोगों की दर्दनाक मौत
मिर्जापुर । डेस्क: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें बच्चों समेत कुल 11 लोगों की जान चली गई. पुलिस के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना बुधवार रात करीब 8:30 बजे हुई, जब ढलान से उतर रहे एक ट्रक के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है.
ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित ट्रक ने अपने आगे चल रहे दूसरे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कई वाहन आपस में टकरा गए.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के नेतृत्व में पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं.
स्थानीय लोगों की मदद से युद्ध स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया. एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के ब्रेक फेल होना ही हादसे की मुख्य वजह लग रही है.
प्रशासन द्वारा राहत कार्यों के साथ-साथ मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.