मेसी का रिकॉर्ड: लगातार 7 विश्व कप मैचों में दागे गोल
नई दिल्ली । डेस्क: दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अपने शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जोड़ ली है. मेसी विश्व कप के लगातार सात मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. शनिवार को डलास में जॉर्डन के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना की तरफ से गोल दागकर उन्होंने फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जाइरज़िन्हो के सर्वकालिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
इस मुकाबले में मेसी शुरुआती प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे और ग्रुप-जे में शीर्ष स्थान पहले ही पक्का होने के कारण अर्जेंटीना ने अपनी टीम में नौ बदलाव किए थे. अपने 39वें जन्मदिन के ठीक तीन दिन बाद मैदान पर उतरे मेसी ने 60वें मिनट में सब्स्टिट्यूट के तौर पर प्रवेश किया. इसके बाद 80वें मिनट में उन्होंने 25 मीटर की दूरी से एक शानदार फ्री-किक को गोल में तब्दील कर अर्जेंटीना को 3-1 से आगे कर दिया.
मेसी का यह अविश्वसनीय सफर 2022 के कतर विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू हुआ था. इसके बाद उन्होंने नीदरलैंड, क्रोएशिया और फिर फ्रांस के खिलाफ रोमांचक फाइनल में दो गोल दागकर अपनी टीम को विश्व विजेता बनाया था.
मौजूदा 2026 विश्व कप में भी उनका यह फॉर्म जारी है, जहां उन्होंने अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक और ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागे थे. जॉर्डन के खिलाफ इस गोल के साथ ही विश्व कप इतिहास में उनके कुल गोलों की संख्या रिकॉर्ड 19 तक पहुंच गई है, और वह इस टूर्नामेंट में 6 गोल के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं.
इससे पहले जस्ट फोंटेन ने 1958 में फ्रांस के लिए और जाइरज़िन्हो ने 1970 में ब्राजील के लिए लगातार छह विश्व कप मैचों में गोल करने का कारनामा किया था, जिसे अब मेसी ने पार कर लिया है.
इस जीत के साथ ही अर्जेंटीना की टीम का पिछले नौ विश्व कप मैचों में अजेय क्रम (7 जीत और 2 ड्रॉ) बरकरार है. अब शुक्रवार को राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में अर्जेंटीना का सामना केप वर्डे से मियामी में होगा. केप वर्डे नॉकआउट दौर में जगह बनाने वाला इस टूर्नामेंट का सबसे छोटा देश है, वहीं मियामी मेसी की मेजर लीग सॉकर (MLS) टीम का घरेलू मैदान भी है.