शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

मतुआ समुदाय TMC की दया पर नहीं, CAA के कारण यहाँ हैं: PM मोदी

C

CG Khabar

20 दिस. 2025, 05:32 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

पीएम मोदी
पीएम मोदी

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के नदिया के ताहेरपुर में शनिवार को खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में भौतिक उपस्थिति संभव नहीं हो सकी, जिसके बाद उन्होंने फोन के जरिए जनता को संबोधित किया. हालांकि, फोन पर दिए गए भाषण में कुछ अहम मुद्दों के छूट जाने से मतुआ समुदाय के बीच उपजी निराशा को देखते हुए प्रधानमंत्री ने शाम को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर सिलसिलेवार पोस्ट कर अपनी बात रखी. 


पीएम मोदी ने मतुआ और नमोशूद्र परिवारों को स्पष्ट गारंटी देते हुए लिखा कि वे पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की दया पर नहीं रह रहे हैं, बल्कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए सीएए के कारण सम्मान के साथ भारत में रहना उनका अधिकार है. 


उन्होंने वादा किया कि बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद इस समाज के लिए और भी बड़े कदम उठाए जाएंगे.


अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री ने फुटबॉल के मुद्दे पर भी टीएमसी सरकार को घेरा. 


हाल ही में कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम (युवा भारती) में लियोनेल मेसी से जुड़े कार्यक्रम के रद्द होने के संदर्भ में उन्होंने लिखा कि फुटबॉल प्रेमी राज्य के लिए यह शर्मिंदगी की बात है और इस घटना ने युवाओं का दिल तोड़ दिया है. 


इसके अलावा, पीएम मोदी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पीएम-बीजेपी (सस्ती दवाएं), आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसे केंद्रीय प्रोजेक्ट्स का हिसाब देते हुए आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार केवल 'कट मनी' और कमीशन में रुचि रखती है, जबकि भाजपा सुशासन में विश्वास करती है. 


राज्य भाजपा के अनुसार, प्रधानमंत्री इन सभी विषयों पर सभा में विस्तार से बोलना चाहते थे, लेकिन समय और मौसम की बाधा के कारण उन्हें सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़ा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP