मकान में भीषण आग, सिलेंडर फटने से धमाका
छत्तीसगढ़ के रायपुर के एक मकान में भीषण आग, सिलेंडर फटने से धमाका
रायपुर | संवाददाताः रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत एक मकान में दो सिलेंडरों के फटने से जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें बहुत ऊंची उठने लगीं.
दरअसल मकान में भीषण आग लगने के चलते मकान के भीतर रखे दोनो सिलेंडर आग की चपेट में आ गये और धमाका हो गया. फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है. यह मकान बुढ़ेश्वर मंदिर के पास स्थित है.
जिस घर में आग लगी थी, वह बशीर खान नाम के व्यक्ति का बताया जा रहा है. इस 2 मंजिले मकान में नीचे दुकान और ऊपर 2 कमरे हैं. घर के नीचे बशीर खान का पान ठेला है.
आग लगने के समय वह पान की दुकान पर थे. उस समय घर पर कोई नहीं था. लगातार दो धमाकों से घर की दीवारों पर दरारें आ गई हैं.
खान के मुताबिक आग लगने के बाद उन्होंने बुझाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हुए. आग बढ़ती देख जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से नीचे उतर आये. आसपास रहने वाले लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
घर में कपड़े और लकड़ी का सामान होने की वजह से आग तेजी से फैलती चली गई. घर के बाहर भी लपटें आने लगीं. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फौरन सड़क को खाली करवाया.
घर के भीतर दो सिलेंडर थे
पुरानी बस्ती थाना पुलिस के पेट्रोलिंग टीम को घर के भीतर 2 सिलेंडर रखे होने की सूचना मिली. सिलेंडर फटने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आसपास से भीड़ को हटाया, जिससे कोई और बड़ी अनहोनी न हो पाए.
मकान क्षतिग्रस्त
जिस घर में आग लगी थी, वह काफी पुराना है. सिलेंडर फटने से घर की दीवारों पर दरारें पड़ गई हैं. इसके अलावा घर के अंदर की छत का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है. ब्लास्ट से घर के पीछे 50 फीट ऊंचा पेड़ भी आग की चपेट में आ गया. फिलहाल पेड़ और मकान दोनो जगह आग पर काबू पा लिया गया है. इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की कोई खबर नहीं है.