माओवादियों की साजिश नाकाम, 2 आईईडी बरामद
2 आईईडी जब्त कर किया विस्फोट
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में गुरुवार को जवानों ने 2 आईईडी बरामद कर इसे नष्ट कर दिया है. सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने माओवादियों ने आईईडी प्लांट किया था. लेकिन जवानों ने उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया.
बताया गया कि सीआरपीएफ कैंप उसूर से सुरक्षा बलों की टीम आज एरिया डॉमिनेशन पर निकली थी.
इसी बीच टेकमटेला के पास दो बीयर बॉटल में छिपाकर लगाई गई 2 आईईडी का पता चला.
माओवादियों ने दोनों आईईडी को 300 से 500 मीटर की दूरी पर लगाए थे. जवानों ने दोनों आईईडी बरामद कर उन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया है.
सुकमा में डंप सामान बरामद
इधर सुकमा जिले में डीआरजी और सीआरपीएफ के जवानों ने माओवादियों का डंप किया विस्फोटक सामान बरामद किया है. जिसमें जिलेटिन वायर समेत अन्य विस्फोटक सामान हैं.
डीआरजी और सीआरपीएफ के भेज्जी इलाके के मोसलमड़गू गांव की तरफ सर्च ऑपरेशन पर निकले थे.
इसी दौरान गांव के करीब जंगल-झाड़ियों में जवानों ने माओवादियों का डंप किया सामान बरामद किया.
माओवादियों ने फोर्स को नुकसान पहुंचाने के लिए इन विस्फोटक पदार्थों को छिपा रखा था.
जब्त सामान में 1. 15 किलो अमोनियम नाइट्रेट पाउडर, डेटोनेटर 30 नग, जिलेटिन 26 नग, क्लेमोर माइन पाइप 3 नग, बिजली वायर, चूना डिब्बा 8 नग और प्लास्टिक कंटेनर 1 नग शामिल है.