मंडी बाढ़: कंगना की गैर-मौजूदगी पर सियासत तेज
मंडी । डेस्क: मंडी में बादल फटने से आई बाढ़ के बीच भाजपा सांसद कंगना रनौत की गैर-मौजूदगी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने तंज कसा है. ठाकुर ने कहा, "हम मंडी के लोगों के साथ जीने-मरने को तैयार हैं. जो परवाह नहीं करते, उन पर मैं टिप्पणी नहीं करूंगा."
जयराम ठाकुर के बयान के बाद बाढ़ प्रभावित इलाक़ों में न जाने पर कंगना रनौत ने एक्स पर लिखा, "हर साल हिमाचल में भारी बाढ़ से जो तबाही होती है, वह बहुत दुखद है. मैं सराज और मंडी के अन्य बाढ़ प्रभावित इलाक़ों में जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर जी ने सलाह दी कि जब तक वहां की कनेक्टिविटी और पहुंच बहाल नहीं हो जाती, तब तक इंतज़ार करूं. आज मंडी डीसी ने भी रेड अलर्ट जारी किया है. प्रशासन की अनुमति मिलते ही मैं जल्द से जल्द वहां पहुंचूंगी."
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुझसे अभी कंगना रनौत की बात हुई है. मैंने उन्हें मंडी लोकसभा और सराज विधानसभा में हुए नुक़सान की जानकारी दी है. मुझे इस पर ज़्यादा कुछ नहीं कहना है.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दोनों पर दिखावे की राजनीति का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, "हालिया बारिश से 69 लोगों की मौत हुई, 37 लापता हैं, और 700 करोड़ का नुकसान हुआ. सराज में हेलिकॉप्टर से राहत पहुंचाई जा रही है." सुक्खू ने ठाकुर के दावों को झूठ बताते हुए कहा, "उपमुख्यमंत्री और मैंने जयराम जी से बात की है."