शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ममता ने कहा 'तृणमूल को वोट मतलब मुझे वोट, बंगाल को झुकने नहीं दूंगी'

C

CG Khabar

25 अप्रै. 2026, 06:46 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

ममता बनर्जी
ममता बनर्जी

कोलकाता । डेस्क: कोलकाता में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विपक्षी दलों, विशेषकर भाजपा पर कड़ा प्रहार किया. ममता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तृणमूल कांग्रेस को दिया गया हर वोट सीधे उन्हें मजबूती देगा क्योंकि सरकार का नेतृत्व वही करेंगी. 


उन्होंने भाजपा की रणनीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल महाराष्ट्र की तरह बंगाल में भी जोड़-तोड़ की राजनीति करना चाहते हैं, लेकिन वे इसमें कभी सफल नहीं होंगे. 


मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य तृणमूल की सीटें कम करना है ताकि वे धनबल के जरिए विधायकों को खरीद सकें, लेकिन बंगाल की जनता इस साजिश को नाकाम कर देगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि "हम टूट सकते हैं लेकिन झुकेंगे नहीं."


ममता बनर्जी ने कोलकाता को 'झुग्गी' कहे जाने पर भी कड़ा ऐतराज जताया और इसे शहर का अपमान बताया. उन्होंने वामपंथी शासन के दौर की याद दिलाते हुए कहा कि पहले कोलकाता लोडशेडिंग से जूझता था, जबकि आज यह रोशनी से जगमगा रहा है. 


घुसपैठ के मुद्दे पर केंद्र को घेरते हुए उन्होंने संसद के आंकड़ों का हवाला दिया और कहा कि अगर कोई देश में प्रवेश कर रहा है तो उसकी जिम्मेदारी सीमा सुरक्षा संभालने वालों की है. वहीं, महिलाओं से अपील करते हुए उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि गर्मी के मौसम में सुबह-सुबह 'पंता भात' खाकर शरीर स्वस्थ रखें और जल्द से जल्द मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डालें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP