ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया में बदला अपना पदनाम
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया में खुद को बताया 'बंगाल की सीएम (15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा)'
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आए बड़े उलटफेर के बाद ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स (X और फेसबुक) के बायो में बदलाव किया है. उन्होंने अपने बायो से 'माननीय मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल' हटाकर अब 'पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री (15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा)' कर दिया है.
गौर करने वाली बात यह है कि इस अपडेटेड बायो में उन्होंने 'पूर्व' (Former) शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है. यह बदलाव सुवेंदु अधिकारी द्वारा 18वीं विधानसभा के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के तुरंत बाद देखा गया.
चुनाव नतीजों के अगले दिन ही ममता बनर्जी ने स्पष्ट कर दिया था कि वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगी. उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के नतीजों की 'लूट' हुई है और लगभग 100 सीटों पर मतगणना में धांधली की गई है.
राज्यपाल द्वारा 7 मई को विधानसभा भंग किए जाने की अधिसूचना जारी होने के बावजूद ममता बनर्जी ने अब तक अपना त्याग पत्र नहीं सौंपा है.
इस बीच प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव शुरू हो गए हैं. कोलकाता पुलिस के आधिकारिक हैंडल ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को अनफॉलो कर दिया है और अब वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह जैसे हैंडल को फॉलो कर रहा है.
इसके साथ ही ममता और अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा में भी कटौती की गई है. जहाँ टीएमसी के अन्य दिग्गज नेता फिलहाल राजनीतिक टिप्पणियों से बच रहे हैं, वहीं पार्टी का सोशल मीडिया हैंडल लगातार चुनाव बाद हुई हिंसा के मुद्दों को उठा रहा है.