रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

महुआ मोइत्रा के बयान से सियासी हलचल तेज

C

CG Khabar

23 जून 2026, 06:38 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

 महुआ मोइत्रा
महुआ मोइत्रा

कोलकाता । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के एक ताजा बयान ने पश्चिम बंगाल के सियासी हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है. कृष्णानगर से लोकसभा सांसद मोइत्रा ने भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के साथ अपने पुराने व्यक्तिगत संबंधों और उनके द्वारा मिले राजनीतिक सहयोग को याद किया है. 


बीबीसी को दिए एक साक्षात्कार में मोइत्रा ने कहा कि भले ही आज वे दोनों अलग-अलग राजनीतिक ध्रुवों पर हैं, लेकिन सुवेंदु अधिकारी के साथ उनका एक 'भावनात्मक जुड़ाव' रहा है. उन्होंने बताया कि जब वे दोनों एक ही पार्टी में थे, तब अधिकारी ने उनका काफी समर्थन किया था.

विज्ञापन


महुआ मोइत्रा ने अपने राजनीतिक जीवन के एक कठिन दौर का जिक्र करते हुए बताया कि जब उन्हें लोकसभा का टिकट नहीं मिला था और वे काफी परेशान थीं, तब अधिकारी ने ही उन्हें ढांढस बंधाया था. 


मोइत्रा ने स्पष्ट किया कि विरोधी खेमे में होने के कारण अब उनके बीच वैसी बातचीत नहीं होती, लेकिन व्यक्तिगत रिश्ते पार्टी लाइनों से ऊपर होते हैं. 


यह पहला मौका नहीं है जब मोइत्रा ने पाला बदलने वाले नेताओं पर खुलकर बात की हो.


इससे पहले उन्होंने पार्टी के भीतर रहकर भीतरघात करने वालों की तुलना में सुवेंदु अधिकारी जैसे खुलकर पार्टी छोड़ने वाले नेताओं के प्रति सम्मान जताया था. हालांकि मोइत्रा के इस बयान से उनके पाला बदलने का कोई संकेत नहीं मिलता, लेकिन बंगाल के मौजूदा गर्म राजनीतिक माहौल में इस बयान ने अटकलों का बाजार जरूर गर्म कर दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP