महानदी विवाद: ओडिशा-छत्तीसगढ़ में सहमति, अगली सुनवाई 11 जुलाई को
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद को सुलझाने की दिशा में बड़ी कामयाबी मिलती दिख रही है. मामले की सुनवाई कर रहे न्यायाधिकरण ने शनिवार को दोनों राज्यों के बीच हुए समझौतों और प्रगति की समीक्षा की. इस विवाद को लेकर अब अगली सुनवाई 11 जुलाई को तय की गई है.
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों राज्यों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद कई अहम और विवादित मुद्दों पर आम सहमति बन गई है. शनिवार को हुई सुनवाई के दौरान ट्रिब्यूनल ने बचे हुए विवादित मामलों की समीक्षा की, जिसमें मुख्य रूप से नदी के पानी के बंटवारे और आवंटन का मुद्दा शामिल है.
11 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई से पहले दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक और बैठक होगी, ताकि बचे हुए मतभेदों को भी दूर किया जा सके. इस विवाद को सुलझाने के लिए बनाई गई तकनीकी समिति अब तक 20 बैठकें कर चुकी है.
इन बैठकों में दोनों राज्यों की पानी की जरूरतों का आकलन करने के साथ-साथ जल भंडारण और इसके इस्तेमाल से जुड़े आंकड़ों का मिलान किया जा रहा है.
इस महत्वपूर्ण सुनवाई के दौरान ओडिशा का पक्ष महाधिवक्ता पीतांबर आचार्य ने और छत्तीसगढ़ का पक्ष महाधिवक्ता विवेक शर्मा ने रखा.
सुनवाई के बाद ओडिशा के महाधिवक्ता पीतांबर आचार्य ने बताया कि अब तक हुई सात दौर की बातचीत के बाद काफी सकारात्मक प्रगति हुई है. कई जटिल मुद्दे आपसी सहमति से सुलझा लिए गए हैं.
पानी के बंटवारे, दोनों राज्यों की जरूरतों और स्टोर किए जा रहे पानी की मात्रा से जुड़े मुख्य विवादों का समाधान निकाला जा रहा है. यह पूरा मामला अब एक ऐसे समझौते की ओर बढ़ रहा है जो दोनों राज्यों को मंजूर होगा.