LPG रिफिल की बुकिंग अवधि अब पूरे देश में एक समान
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने देशभर के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए गैस रिफिल बुकिंग की समय-सीमा को लेकर बड़ा फैसला लिया है. केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोमवार को तीनों सरकारी तेल विपणन कंपनियों-इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) को निर्देश दिया कि वे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लिए 25-day की इंटर-रिफिल बुकिंग अवधि तत्काल प्रभाव से लागू करें.
मंत्रालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यह निर्णय एलपीजी सप्लाई की स्थिति में सुधार और रिफिल बैकलाग में आई भारी कमी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
गौरतलब है कि फरवरी 2026 में पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के दौरान एलपीजी आपूर्ति पर दबाव बन गया था. उस समय मांग को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी उपाय के तहत शहरी क्षेत्रों के लिए 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिन का बुकिंग अंतराल तय किया गया था.
अब आपूर्ति व्यवस्था सुचारू होने पर सरकार ने इस भेद को समाप्त कर सभी उपभोक्ताओं के लिए एक समान 25 दिन की समयावधि बहाल कर दी है.
केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने तेल कंपनियों को इस व्यवस्था को तुरंत प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं.