आकाशीय बिजली का कहर: किसान सहित दो की मौत, कई घायल
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में मौसम के बदले मिजाज और अचानक आए आंधी-तूफान के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है. राज्य के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक किसान और एक छात्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
इसके अलावा महासमुंद में बिजली गिरने से एक घर में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों का सामान जलकर खाक हो गया.
महासमुंद जिले के तुमगांव क्षेत्र में गुरुवार देर रात 40 वर्षीय किसान धरम सिंह गोंड अपने पिता के साथ मूंगफली के खेत की रखवाली करने के लिए पेड़ पर बने मचान पर चढ़े थे. इसी दौरान तेज कड़कड़ाहट के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से धरम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से झुलस गए.
उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
इसी जिले के बाघमुड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक कच्चे मकान पर बिजली गिरने से आग लग गई, जिससे घर में रखा कीमती सामान, फर्नीचर और कपड़े जल गए. हालांकि, परिवार के सदस्य दूसरे हिस्से में होने के कारण सुरक्षित बच गए.
दूसरी ओर, बिलासपुर के गतौरा गांव में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े पिता-पुत्री घनश्याम खांडे और उनकी बेटी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इससे पहले दुर्ग जिले में क्रिकेट खेलकर लौट रहे 18 वर्षीय छात्र शक्ति बिश्नोई की भी बिजली गिरने से मौत हो गई थी.
मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश का अनुमान जताया है. इसके साथ ही 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ में भीषण लू (हीटवेव) चलने की चेतावनी भी जारी की गई है.