रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

लातेहार में JJMP के 9 उग्रवादियों ने किया आत्मसमर्पण

C

CG Khabar

02 सित. 2025, 05:39 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

JJMP
JJMP

रांची । डेस्क: झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के जोनल कमांडर सहित 9 उग्रवादियों ने पुलिस के सामने हथियार डाल दिए हैं. इन उग्रवादियों ने एके-47, एके-56 जैसे आधुनिक हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया. पुलिस का दावा है कि इस घटना के बाद लातेहार जिला अब उग्रवाद से पूरी तरह मुक्त हो गया है.


सरेंडर करने वालों में जोनल कमांडर रविंद्र यादव, सब जोनल कमांडर अखिलेश यादव, बलदेव गंझू उर्फ अमरेश गंझू, मुकेश राम उर्फ कल्लू, पवन उर्फ राम प्रसाद, एरिया कमांडर धूरू जी उर्फ राजू राम, विजय यादव, श्रवण सिंह उर्फ पारस सिंह और मुकेश गंझू शामिल हैं. इन सभी पर सरकार ने कुल 23 लाख रुपये का इनाम रखा था.

विज्ञापन


झारखंड के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी उग्रवादी संगठन के इतने सदस्यों ने एक साथ आत्मसमर्पण किया है. इन उग्रवादियों पर रविंद्र यादव, अखिलेश यादव, बलदेव गंझू और मुकेश राम के लिए 5-5 लाख रुपये और पवन उर्फ राम प्रसाद के लिए 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था. आत्मसमर्पण के दौरान इन्होंने 12 हथियार, 1782 गोलियां और 26 मैगजीन पुलिस को सौंपे.


पुलिस से लूटे गए हथियार भी शामिल


सरेंडर किए गए हथियारों में एक एके-56, चार एके-47, तीन एसएलआर, दो 303 राइफल और एक 30.60 एमआई राइफल शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, एके-56 और चार एके-47 हथियार पुलिस से लूटे गए थे. इसके अलावा, 1782 गोलियां और 26 मैगजीन भी बरामद किए गए.


आत्मसमर्पण समारोह में सीआरपीएफ 11 बटालियन के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक अभियान रांची माइकल राज एश, पुलिस महानिरीक्षक पलामू सुनील भास्कर, पुलिस उपमहानिरीक्षक नौशाद आलम, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव और डीडीसी मो सैयद रियाज अहमद मौजूद थे. अधिकारियों ने उग्रवादियों का स्वागत करते हुए उन्हें बुके, शॉल और इनामी राशि का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया.


सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह ने कहा कि इन 9 उग्रवादियों के आत्मसमर्पण के साथ ही लातेहार में जेजेएमपी का पूरी तरह से सफाया हो गया है.


उन्होंने बताया कि गढ़वा, सिमडेगा, खूंटी और सरायकेला जैसे जिलों में भी उग्रवाद और नक्सलवाद का अंत हो चुका है. सिंह ने दावा किया कि झारखंड सरकार के लक्ष्य के अनुसार, 2025 तक पूरे राज्य से नक्सलवाद और उग्रवाद को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP