बस्तर में धसी जमीन, दहशत में ग्रामीण
छत्तीसगढ़ के बस्तर में जमीन धसने की घटना से ग्रामीण दहशत में
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के बस्तर ब्लॉक के सोनारपाल गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब साप्ताहिक बाजार लगने वाली जगह में जमीन धसक गयी और एक बड़ा गड्ढा हो गया.
यह गड्ढा करीब 20 मीटर गहरा सुरंगनुमा दिखाई दे रहा है.
दरअसल हर मंगलवार को यहाँ साप्ताहिक बाजार लगता है. यहाँ ग्रामीण अपनी छोटी-मोटी दुकाने लगाते हैं.
सोमवार की शाम सभी अपनी दुकान लगाने की तैयारी में यहाँ पहुँचे हुए थे कि अचानक जमीन धसक गयी. जिससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया. ग्रामीणों का कहना है कि वे सालों से इसी जगह पर बाजार लगाते आ रहे हैं.
यहाँ कभी जमीन की खुदाई नहीं हुई और ना ही आसपास कहीं तालाब है. ऐसे में अचानक जमीन धसकने से ग्रामीण दहशत में है.
हालांकि जैसे ही जमीन धसकी सभी मौके से भागे ऐसे में एक बड़ा हादसा होने से टल गयामौके पर पहुचीं प्रशासनिक टीम ने सुरक्षा घेरा बनाया
पुलिस और जिला प्रशासन को इसकी जानकारी मिलते ही तुरंत एसडीएम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संबधित जगह पर सुरक्षा के लिहाज से घेरा लगा दिया गया.
खास बात यह है कि यह घटना बस्तर ब्लॉक के ही राजपूर गांव में पिछले दिनों हुई जमीन धसकने की घटना के बाद हुई है.
इधर सोनारपाल में जमीन धसकने से एक कुंआ के आकार का गहरा गड्ढा बन गया है और एक सुरंगनुमा जगह भी दिख रही है.
लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसके पास जाने से ग्रामीणों को रोका जा रहा है.
इसके बावजूद अलग-अलग गांव के लोग, इसे देखने पहुंच रहे हैं. प्रशासन इसकी जांच कर रहा है कि आखिर जमीन किस वजह से धसक गयी और सुरंगनुमा गड्ढा कैसे हुआ.
1 साल पहले हुए हादसे में 6 लोगों की गई जान
गौरतलब है कि 1 साल पहले ही जगदलपुर ब्लॉक के मालगांव में भी इसी तरह छुई मिट्टी की जमीन धसकने से उसके अंदर तबकर 6 ग्रामीणों की मौत हो गई थी.
इस साल जमीन धसकने की यह दूसरी घटना है. हालांकि इस साल हुई दोनों ही घटनाओं में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है.
आखिर किस वजह से जमीन धसक रही है यह जांच का विषय है..