शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

'पलायन’ वाले बयान पर ललित मोदी ने मांगी माफी

C

CG Khabar

30 दिस. 2025, 03:05 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

भारत के भगोड़े
भारत के भगोड़े

लंदन । डेस्क: आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने हाल ही में दिए गए अपने विवादित बयान को लेकर भारत सरकार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. यह माफी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए दी. हालांकि, पोस्ट में उन्होंने सीधे तौर पर किसी बयान का उल्लेख नहीं किया, लेकिन यह स्पष्ट संकेत दिया कि वह हाल में वायरल हुए वीडियो की ओर ही इशारा कर रहे थे.


दरअसल, कुछ दिन पहले लंदन में कारोबारी विजय माल्या के जन्मदिन की पार्टी के दौरान ललित मोदी का एक वीडियो सामने आया था. उस वीडियो में ललित मोदी को यह कहते हुए सुना गया था कि “हम दोनों भारत के सबसे बड़े भगोड़े हैं.” खुद ललित मोदी ने ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था और इसके साथ ऐसा कैप्शन लिखा था, जिससे विवाद और गहरा गया. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और कई लोगों ने इसे भारत सरकार पर तंज बताया.


विवाद बढ़ने के बाद सोमवार को ललित मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा कि यदि उनके बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह उसके लिए खेद प्रकट करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार के प्रति उनके मन में पूरा सम्मान है और उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया. ललित मोदी ने दावा किया कि उनका इरादा वैसा कहने का कभी नहीं था और इसके लिए उन्होंने एक बार फिर माफी मांगी.


इस पूरे मामले पर भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से भी प्रतिक्रिया आई. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि जो लोग कानून की नजर में भगोड़े हैं, उन्हें देश वापस लाने के लिए भारत सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है, हालांकि प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में कई कानूनी जटिलताएं होती हैं. उन्होंने यह भी बताया कि इस दिशा में विभिन्न देशों के साथ बातचीत जारी है.


विवाद के बीच ललित मोदी ने बाद में वह वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया. गौरतलब है कि ललित मोदी और विजय माल्या, दोनों ही लंबे समय से आर्थिक अनियमितताओं के आरोपों के चलते चर्चा में रहे हैं. 


ललित मोदी पर आईपीएल के दौरान वित्तीय घोटालों के आरोप हैं और वह 2010 में देश छोड़कर लंदन चले गए थे. वहीं, विजय माल्या पर हजारों करोड़ रुपये के बैंक ऋण न चुकाने का आरोप है और वह 2016 में भारत से बाहर चले गए थे. दोनों को भारत वापस लाने की कोशिशें अब भी जारी हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP