कोरिया: सरकारी जमीन पर बन रहा अवैध चर्च ग्रामीणों ने ढहाया
मनेन्द्रगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत पंचायत अंतर्गत धुमाडांड गांव में एक कथित अवैध चर्च निर्माण को लेकर भारी बवाल हो गया. हसदेव नदी पुल के समीप सरकारी भूमि पर पिछले दो दिनों से रूपेंद्र काशी और उनके साथियों द्वारा तेजी से निर्माण कार्य कराया जा रहा था. शनिवार को जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों और हिंदू संगठनों को इसकी भनक लगी, उन्होंने तुरंत सोनहत तहसीलदार को मामले की शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलने पर तहसीलदार ने पुलिस को मौके पर जाकर काम रुकवाने के मौखिक आदेश दिए.
इसी बीच, निर्माण की खबर मिलते ही भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एकजुट होकर मौके पर पहुंच गए. वहां उपस्थित ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर इस धार्मिक निर्माण का कड़ा विरोध किया और आक्रोशित होकर ढांचे को हाथ-पैरों से गिराना शुरू कर दिया.
बाद में बुलडोजर की मदद से पूरे अवैध निर्माण को जमींदोज कर जमीन को खाली करा लिया गया. भाजयुमो मंडल अध्यक्ष मनोज साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का कहना है कि सरकारी जमीन पर यह कब्जा पूरी तरह गैरकानूनी था, जिसे ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से ध्वस्त कर दिया.
इस घटना के बाद इलाके में धर्मांतरण को लेकर भी तनाव देखा जा रहा है. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस निर्माण के पीछे जुड़े लोग क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ईसाई धर्म में परिवर्तन कराने का काम कर रहे हैं.
भाजपा पदाधिकारियों ने इस मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोलने और औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की बात कही है.
फिलहाल मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने निर्माणकर्ताओं को दोबारा वहां काम न करने की सख्त हिदायत दी है, वहीं दूसरी तरफ निर्माण करने वाले पक्ष ने ढांचा तोड़े जाने का कोई विरोध नहीं किया. प्रशासन द्वारा अभी इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जानी बाकी है.