कोरबा: तालाब की सफाई के दौरान मजदूर की मौत
कोरबा । संवाददाता: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम छुरी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां के प्रसिद्ध गणेश तालाब में सफाई कार्य के दौरान एक मजदूर की पानी में डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान 50 वर्षीय श्यामलाल सारथी के रूप में हुई है.
इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. उन्होंने काम करा रहे ठेकेदार पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया है.
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत द्वारा तालाब की सफाई का काम ठेके पर कराया जा रहा था. सोमवार को श्यामलाल सारथी सफाई करने के लिए तालाब के गहरे पानी में उतरा था.
इसी दौरान वह वहां फैली भारी जलकुंभी के जाल में बुरी तरह उलझ गया और खुद को बाहर नहीं निकाल सका, जिससे वह पानी में डूब गया. किनारे पर मौजूद अन्य साथी मजदूरों ने जब उसे डूबते देखा, तो तत्काल इसकी सूचना कटघोरा थाना पुलिस को दी.
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नगर सेना लाइन से गोताखोरों की विशेष टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया. गोताखोरों ने तालाब में काफी देर तक खोजबीन की और कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार श्यामलाल के शव को पानी से बाहर निकाला.
ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार ने मजदूर को बिना किसी लाइफ जैकेट या सुरक्षा रस्सी के ही तालाब में उतार दिया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.