शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे 3 किसानों की मौत

C

CG Khabar

26 जुल. 2026, 04:30 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

करेंट से मौत
करेंट से मौत

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सलोरा छुरी गांव में शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने की चपेट में आने से तीन किसानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान बहुरंन पाटले, लक्ष्मी चंद पटेल और श्याम साहू के रूप में हुई है, जो आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. 


इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.


घटना के संबंध में परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के समीप स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण एक साथ धान रोपाई का कार्य कर रहे थे. दोपहर के समय अचानक काले बादल छा गए और मूसलाधार बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी. 


इसी दौरान खेत की मेढ़ के पास जोरदार धमाके के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी सीधी चपेट में तीनों किसान आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के तुरंत बाद वहां भगदड़ मच गई और साथी किसानों की मदद से सभी को तत्काल कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.


अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद ही तीनों को मृत घोषित कर दिया. कटघोरा बीएमओ डॉ. रश्मि सिंह कंवर ने पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल लाए जाने से पहले ही तीनों की जीवन लीला समाप्त हो चुकी थी. 


सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शवों का पंचनामा तैयार किया और मर्ग कायम कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. उधर, स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को शासन के नियमानुसार दी जाने वाली आर्थिक मुआवजा राशि जल्द से जल्द दिलाने का आश्वासन दिया है.


मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी जिले भर में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. अधिकारियों ने आम जनता और विशेष रूप से किसानों से अपील की है कि वे प्रतिकूल मौसम के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचें और गड़गड़ाहट होते ही तुरंत किसी सुरक्षित पक्के स्थान पर शरण लें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP