कोरबा: ESIC अस्पताल के युवा डॉक्टर एल्विन की संदिग्ध मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित ईएसआईसी (ESIC) अस्पताल परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर एल्विन का शव उनके ही स्टाफ क्वार्टर में मिला. सोमवार सुबह जब डॉक्टर तय समय पर अस्पताल की ओपीडी में मरीजों को देखने नहीं पहुंचे, तो साथियों को अनहोनी की शंका हुई.
इसके बाद जब कर्मचारी उनके कमरे में गए, तो डॉक्टर एल्विन अचेत अवस्था में पड़े मिले. पुलिस की प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि मृतक के हाथ पर मिले चोट के निशानों ने मौत के कारणों को लेकर संदेह भी खड़ा कर दिया है. वास्तविक वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
घटना के पीछे की जो मुख्य वजह सामने आ रही है, वह उनका टूट चुका प्रेम संबंध बताया जा रहा है. मूल रूप से केरल के पालक्काड निवासी डॉक्टर एल्विन ने कोयंबटूर से एमबीबीएस किया था और पिछले एक साल से कोरबा में सेवाएं दे रहे थे.
कोचिंग के दिनों से उनका कोयंबटूर की एक युवती से अफेयर चल रहा था और दोनों परिवारों की सहमति से पालक्काड के एक चर्च में मैरिज का आवेदन भी जमा किया जा चुका था. हालांकि, बीते 11 अगस्त को कोयंबटूर दौरे के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच गंभीर विवाद हुआ और सगाई टूट गई. इस घटनाक्रम के बाद से ही डॉक्टर एल्विन गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहे थे.
त्रासदी यह रही कि अपनी बिगड़ती तबीयत का हवाला देकर डॉक्टर एल्विन ने महज तीन दिन पहले ही अपने माता-पिता को केरल से कोरबा बुलाया था. बुजुर्ग माता-पिता जब कोरबा पहुंचे, तब तक उनके बेटे की सांसें थम चुकी थीं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है. नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, घटनास्थल को सील कर हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह मामला विशुद्ध रूप से आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश मौजूद है.