शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: नदी में डूबने से SECL कर्मचारी की मौत

C

CG Khabar

07 जुल. 2026, 01:23 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

नदी में डूबना
नदी में डूबना

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मशहूर पर्यटन स्थल सतरेंगा में पिकनिक के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गहरे पानी में डूबने से 24 वर्षीय सुभांशु ध्रुव नाम के एक SECL कर्मचारी की जान चली गई. घटना के बाद से ही इलाके में हड़कंप मच गया और मृतक के परिवार में मातम छा गया है. बताया जा रहा है कि सुभांशु अपने परिवार का एकमात्र सहारा और इकलौता कमाने वाला सदस्य था.


मिली जानकारी के मुताबिक, कोरबा का निवासी सुभांशु रविवार को अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा में छुट्टियां बिताने गया था. पिकनिक के दौरान सभी दोस्त नदी के बीच स्थित एक टापु की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे. 


इसी दौरान सुभांशु ने बीच रास्ते से वापस लौटने का फैसला किया, लेकिन लौटते समय वह गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाया और गहरे पानी में समा गया. उसे डूबता देख वहां मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने फौरन उसे बचाने की काफी कोशिशें कीं, लेकिन पानी गहरा होने के कारण उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद घटना की जानकारी तुरंत श्यांग पुलिस को दी गई.


सूचना मिलते ही श्यांग पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई, लेकिन रात के अंधेरे और पानी के तेज बहाव के चलते रविवार को रेस्क्यू ऑपरेशन को बीच में ही रोकना पड़ा. 


अगले दिन सोमवार सुबह नगर सेना की आपदा प्रबंधन टीम ने फिर से एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया. करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे सुभांशु के शव को नदी से बाहर निकाला जा सका.


मामले को लेकर लेमरू थाना प्रभारी सुमन पोया ने बताया कि शव को नदी से बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम और सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं. फिलहाल मृतक के पार्थिव शरीर को SECL अस्पताल के शवगृह (मर्च्युरी) में सुरक्षित रखवाया गया है. सुभांशु की मां के मंगलवार को कोरबा पहुंचने के बाद ही परिजनों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP