शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: पड़ोसी युवक ने कुकर्म में नाकाम होने पर की मासूम की हत्या

C

CG Khabar

06 अप्रै. 2026, 03:06 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

हत्या
हत्या

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा के पाली थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में सात वर्षीय मासूम की गुमशुदगी का मामला एक दर्दनाक हत्याकांड के रूप में सामने आया है. पुलिस ने खुलासा किया है कि बच्चे की जान किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पड़ोसी रंजित कुमार उर्रे (19 वर्ष) ने ही ली थी. 


आरोपी ने अप्राकृतिक कृत्य की कोशिश में विफल होने और पकड़े जाने के डर से बालक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया था.


पुलिस जांच के अनुसार, यह पूरी घटना बीते गुरुवार की है. मासूम अपने दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित तालाब में नहाने गया था. 


इसी दौरान नशे की हालत में वहां पहुंचे आरोपी रंजित ने बच्चे को बहला-फुसलाकर एक सुनसान इलाके में ले गया. 


वहां आरोपी ने बालक के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की, जिसका विरोध करते हुए मासूम शोर मचाने लगा. 


गांव में बदनामी और पकड़े जाने के खौफ से बौखलाए आरोपी ने पास पड़े पत्थर से बालक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.


वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को पास के ही एक कुएं में डाल दिया और सामान्य तरीके से गांव में घूमने लगा. 


बालक के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. 


पुलिस को जांच के दौरान रंजित की गतिविधियों पर संदेह हुआ. हिरासत में लेकर जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP