कोरबा: हत्यारे दोस्त ने सोते हुए हमाल की हत्या की
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा में कोतवाली थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के पास नशे की हालत में हुए आपसी विवाद के चलते एक हमाल की उसके ही साथी ने बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.
कोतवाली थाना प्रभारी एमबी पटेल ने बताया कि गिरफ्त में आया आरोपी और मृतक राजेश महाराज, दोनों ही हमाल का काम करते थे. दोनों खानाबदोश जीवन जी रहे थे और नशे के आदी थे.
उनके बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत कराया था. सोमवार दोपहर इसी पुरानी रंजिश और आपसी कहा सुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद आरोपी ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया.
घटना के वक्त राजेश महाराज ओवरब्रिज के नीचे एक चबूतरे पर सो रहा था. तभी मौका पाकर आरोपी वहां पहुंचा और उसने सोते हुए राजेश के सिर पर लाठी-डंडे से ताबड़तोड़ 30 से 35 वार कर दिए. हमला इतना जोरदार था कि राजेश की मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़े ही आराम से वहां से फरार हो गया. इस पूरी घटना का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है.
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस टीम के साथ टीआई एमबी पटेल तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.