शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: बिजली कर्मचारियों की 17 अगस्त से काम बंद हड़ताल का ऐलान

C

CG Khabar

04 अग. 2026, 04:35 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

BMS
BMS

कोरबा । संवाददाता: कोरबा में छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ (बीएमएस) के द्विवार्षिक कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान विद्युत कर्मियों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर व्यापक रणनीति तैयार की गई. जूनियर क्लब कोरबा पूर्व में आयोजित इस बैठक में प्रबंधन के उदासीन रवैये पर गहरी चिंता जताते हुए कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है. 


संघ ने स्पष्ट किया है कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली, संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, वेज रिवीजन, तकनीकी व कंप्यूटर भत्ता और पदों के पुनर्गठन जैसी जायज मांगों को लेकर प्रबंधन को कई बार ज्ञापन दिया गया, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकला. इसी के विरोध में आगामी 17 अगस्त से प्रदेशव्यापी कामबंद हड़ताल करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है.


सम्मेलन के अंतिम चरण में संगठन की मजबूती के उद्देश्य से पुरानी समिति को भंग कर आगामी दो वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई. 


चुनाव प्रभारी रविकांत सिंह ठाकुर की उपस्थिति में हुए चुनाव में आकाश पटेल को वृत्त अध्यक्ष और यशवंत राठौर को सचिव चुना गया. इसके साथ ही सत्यप्रकाश गांधी गुप्ता को कार्यकारी अध्यक्ष, बालमुकुंद साहू को संयुक्त सचिव, गजेंद्र कौशिक को कोषाध्यक्ष तथा बसंत पटेल को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई. 


उपाध्यक्ष पद पर सुरेश कंवर, सहसचिव सतीश साहू, प्रचार सचिव संतोष साहू और संगठन सचिव के रूप में भानू प्रताप साहू व शैलेन्द्र श्रीराज का चयन हुआ. प्रतिमा यादव को महिला प्रतिनिधि जबकि डोमन लाल कौशल व देवानंद बढ़ई को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है.


इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि राधेश्याम जायसवाल (बीएमएस राष्ट्रीय मंत्री), विशिष्ट अतिथि संजय तिवारी (प्रदेशाध्यक्ष) और जिलाध्यक्ष अजय मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में भगवान विश्वकर्मा, भारत माता और संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई. 


बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कर्मचारियों से आगामी आंदोलन में पूरी एकजुटता दिखाने का आह्वान किया. साथ ही यह भी रेखांकित किया गया कि संघ के निरंतर प्रयासों के कारण ही हाल ही में पावर कंपनी में पदोन्नति के कई आदेश जारी हो सके हैं. कार्यक्रम में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP